विश्व
एक घंटा पहले
3
विचारों
मिस्र के पिरामिडों के भीतर ऐसे कई रहस्य दबे पड़े हैं, जिनके आगे आधुनिक तकनीक और मशीनों से लैस दुनिया भी हैरान रह जाती है। ऐसे ही एक पिरामिड से इतिहासकारों और वैज्ञानिकों को एक अनमोल खजाना हाथ लगा है। जब शोधकर्ताओं ने 3,000 साल से भी पुराने मकबरे को खोला, तो वहां मिट्टी के बर्तनों में बंद शहद मिला। रासायनिक जांच में यह शहद आज भी पूरी तरह सुरक्षित और खाने लायक पाया गया।
जांच में सामने आया कि यह दरअसल मधुमक्खियों की तैयार की हुई एक कमाल की केमिस्ट्री है, जो किसी जादू से कम नहीं लगती। कहा जाता है कि इसे चख लेने पर ऐसा महसूस होता है मानो वक्त ठहर गया हो और इंसान सीधे इतिहास की अमरता का स्वाद ले रहा हो।
तूतनखामुन के मकबरे में मिला था अंबर रंग का शहद
साल 1922 में जब हॉवर्ड कार्टर की टीम ने राजा तूतनखामुन के मकबरे को खोला था, तो उसमें संगमरमर के जार मिले थे जिनमें गाढ़ा, अंबर रंग का शहद भरा हुआ था। यह शहद करीब 1323 ईसा पूर्व का था, यानी उस दौर का जब इंसानों ने ठीक से लोहे का इस्तेमाल भी शुरू नहीं किया था। जब वैज्ञानिकों ने इसे चखा, तो यह बिल्कुल मीठा और खाने लायक निकला।
इसके पीछे मधुमक्खियों का जबरदस्त रासायनिक ज्ञान काम करता है, जिसके सामने कोई भी बैक्टीरिया या फंगस टिक नहीं पाता।
पहला चक्रव्यूह: पानी की एक-एक बूंद का खात्मा
शहद के कभी खराब न होने के पीछे सबसे बड़ी ताकत इसमें पानी का न होना है। जब मधुमक्खियां फूलों से नेक्टर लाती हैं, तो उसमें काफी पानी होता है। लेकिन छत्ते में लौटकर वे इसे अपने मुंह से एक-दूसरे को पास करती हैं, जिससे उनके सिर की ग्रंथियों से खास एंजाइम इसमें मिल जाते हैं। इसके बाद वे अपने पंखों से इतनी तेजी से हवा करती हैं कि नेक्टर में पानी का स्तर बेहद कम हो जाता है।
बैक्टीरिया हो जाते हैं 'फ्रीज-ड्राई': किसी भी बैक्टीरिया या फंगस को जिंदा रहने और बढ़ने के लिए पानी चाहिए, लेकिन शहद में पानी न के बराबर होता है। इसमें शुगर (फ्रक्टोज और ग्लूकोज) इतनी ज्यादा होती है कि जैसे ही कोई बैक्टीरिया इस पर बैठता है, ऑस्मोटिक प्रेशर की वजह से उसके शरीर का सारा पानी बाहर खिंच जाता है।
सेल का हो जाता है कबाड़: पानी बाहर निकलते ही बैक्टीरिया की कोशिकाएं पिचककर दम तोड़ देती हैं। यह ठीक वैसा ही है जैसे हम नमक लगाकर मांस को सड़ने से बचाते हैं, बस फर्क इतना है कि मधुमक्खियां यह काम इंसानों से कहीं ज्यादा एडवांस तरीके से करती हैं।
दूसरा सुरक्षा कवच: एसिड का ऐसा तेजाब जिसमें गल जाते हैं कीटाणु
शहद सिर्फ सूखा ही नहीं होता, बल्कि स्वभाव से काफी एसिडिक भी होता है। इसका pH स्तर करीब 4 के आसपास रहता है, जो संतरे के रस या सिरके के बराबर है। यह एसिडिटी तब बनती है जब मधुमक्खियों का एक खास एंजाइम, जिसे ग्लूकोज ऑक्सीडेज कहते हैं, रस के ग्लूकोज को तोड़कर ग्लूकोनिक एसिड बना देता है।
मेटाबॉलिज्म हो जाता है ठप: इंसानों को बीमार करने वाले ज्यादातर खतरनाक बैक्टीरिया जैसे साल्मोनेला और ई कोलाई न्यूट्रल यानी 7 pH के आसपास रहना पसंद करते हैं। जैसे ही वे शहद के इस एसिडिक दलदल में गिरते हैं, उनका पूरा सिस्टम जाम हो जाता है। शून्य पानी और ऊपर से एसिड का यह दोहरा हमला किसी भी कीटाणु को पनपने ही नहीं देता।
तीसरी और सबसे ताकतवर तकनीक: हाइड्रोजन पेरोक्साइड का लगातार निकलना
शहद की तीसरी ताकत सबसे अनोखी है। जो एंजाइम एसिड बनाता है, वही शहद में हाइड्रोजन पेरोक्साइड भी छोड़ता है। यह वही केमिकल है जिसे डॉक्टर घाव साफ करने के लिए इस्तेमाल करते हैं।
लगातार बनता है एंटीसेप्टिक: जब भी शहद में थोड़ी-सी नमी या पानी मिलता है, तो यह केमिकल धीरे-धीरे और लगातार रिलीज होने लगता है। यही वजह है कि प्राचीन मिस्र, ग्रीस और चीन के हकीम हजारों साल पहले ही घावों और जलने के निशानों पर शहद की पट्टियां बांधते थे, क्योंकि वे जानते थे कि इससे घाव सड़ते नहीं।
मकबरों की वो सीक्रेट सेटिंग जिसने वक्त को थाम लिया
शहद की अपनी ताकत तो थी ही, लेकिन मिस्र के लोग अनजाने में दुनिया के सबसे बेहतरीन फूड प्रिजर्वेटर साबित हुए। उन्होंने शहद को रखने के लिए मिट्टी के मोटे जार इस्तेमाल किए, जिनके अंदर मोम या रेजिन की कोटिंग की गई थी। फिर इन्हें मिट्टी के ढक्कन से पूरी तरह एयरटाइट कर दिया गया।
ये जार पिरामिडों और चूना पत्थर की ठंडी, अंधेरी और सूखी गुफाओं में रखे गए, जहां का तापमान और नमी हजारों सालों तक एक जैसी बनी रही। अगर शहद को खुला छोड़ दिया जाए तो वह हवा से नमी सोख लेता है और उसमें मौजूद खमीर उसे सड़ा देता है, लेकिन बंद मकबरों में नमी शहद को छू तक नहीं सकी, जिससे उसकी मूल संरचना 3,000 साल तक जस की तस बनी रही।
ममी और शहद का कनेक्शन: 2026 की नई रिसर्च
हजारों सालों तक सिर्फ शहद ही सुरक्षित नहीं रहा, बल्कि इन बंद मकबरों ने मिस्र की ममियों को भी सड़ने से बचा लिया। साल 2026 में काहिरा के 'इजिप्शियन म्यूजियम' में रखी 9 ममियों पर हुई एक ताजा वैज्ञानिक रिसर्च में मास स्पेक्ट्रोमेट्री के जरिए खुलासा हुआ है कि ममियों को लपेटने वाले कपड़ों में आज भी देवदार की राल, जूनिपर और जानवरों की चर्बी की महक साफ तौर पर मापी जा सकती है।
यानी जिस सूखे और सीलबंद माहौल ने शहद को अमर बनाया, उसी ने ममियों के ऑर्गेनिक मॉलिक्यूल्स को भी टूटने से रोक दिया।
क्या 3,000 साल पुराना शहद आज भी ताजा शहद जैसा काम करेगा?
वैज्ञानिकों का कहना है कि पुराना होने पर शहद जहरीला या खतरनाक नहीं बनता, लेकिन वक्त के साथ उसकी कुछ खूबियां जरूर कम हो जाती हैं। साल 2024 की एक स्टडी के मुताबिक, जैसे-जैसे शहद पुराना होता है, उसका ग्लूकोज ऑक्सीडेज एंजाइम धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगता है, जिससे हाइड्रोजन पेरोक्साइड का निकलना घट जाता है।
इसका मतलब यह है कि अगर आप 3,000 साल पुराने शहद को आज अपने घाव पर लगाएंगे, तो वह ताजा शहद जितना असरदार एंटीसेप्टिक नहीं होगा। लेकिन उसकी एसिडिटी और पानी सोखने की ऑस्मोटिक ताकत हमेशा वैसी ही बनी रहती है, इसलिए वह खाने के लिए पूरी तरह सुरक्षित रहता है और सेहत को कोई नुकसान नहीं पहुंचाता।
Comments
0 comment