आम का अचार 4 साल तक रहेगा सुरक्षित, किचन एक्सपर्ट से जानें दादी-नानी का देसी तरीका जीवनशैली 2 घंटे पहले 5
किचन एक्सपर्ट चंपा देवी ने पारंपरिक तरीके से आम का अचार बनाने की रेसिपी साझा की है। उनका कहना है कि सही तरीके से रखने पर यह अचार 4 साल तक खराब नहीं होता।

गर्मी का मौसम शुरू होते ही बाजारों में कच्चे और पके आम की भरमार दिखने लगती है। आम को यूं ही फलों का राजा नहीं कहा जाता, इस मौसम में इसकी मांग सबसे ज्यादा रहती है। कुछ लोग इसे सीधे फल के रूप में खाना पसंद करते हैं तो कुछ आम पना, चटनी, मुरब्बा और अचार बनाकर इसका लुत्फ उठाते हैं। इन सबमें कच्चे आम का अचार भारतीय रसोई की पहचान माना जाता है, जो न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है बल्कि लंबे समय तक टिका भी रहता है।

गर्मी के दिनों में अगर घर पर पारंपरिक ढंग से आम का अचार तैयार किया जाए तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है और पूरे साल इसका आनंद लिया जा सकता है।

आम का अचार बनाने की शुरुआत

किचन एक्सपर्ट चंपा देवी ने बताया कि स्वादिष्ट और लंबे समय तक चलने वाला आम का अचार बनाने के लिए सबसे पहले 5 किलो कच्चे आम लें। इन्हें अच्छी तरह धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें और अंदर मौजूद गुठली का सख्त हिस्सा हटा दें। इसके बाद कटे हुए आम को दोबारा साफ पानी से धो लें और करीब 4 घंटे तक धूप में फैलाकर सुखाएं, ताकि उनमें मौजूद अतिरिक्त नमी निकल जाए। ऐसा करने से अचार लंबे समय तक खराब नहीं होता।

इसके बाद आम के टुकड़ों को एक बड़े बर्तन या गमले में डालें और उसमें 2 चम्मच हल्दी, 250 ग्राम नमक तथा करीब 50 ग्राम सरसों का तेल मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर दें। फिर इसे पूरी रात ढककर रख दें। रातभर में आम से जो पानी निकले, उसे अगले दिन निकालकर फेंक दें। यह प्रक्रिया अचार को ज्यादा स्वादिष्ट और टिकाऊ बनाने में मदद करती है।

मसाला तैयार करने का तरीका

मसाला बनाने के लिए 250 ग्राम सरसों, 100 ग्राम लाल मिर्च, 100 ग्राम मेथी, 100 ग्राम जीरा और 50 ग्राम अजवाइन लें। सबसे पहले मेथी और जीरा को हल्का भून लें। इसके बाद सरसों को हल्का गर्म करें और लाल मिर्च को भी भून लें। अब इन सभी मसालों को मिलाकर मिक्सी में दरदरा पीस लें।

तैयार मसाले में 250 ग्राम नमक और 500 ग्राम सरसों का तेल मिलाकर अच्छी तरह मिला दें। इसके बाद यह मसाला आम के टुकड़ों में डालकर अच्छे से मिक्स करें। आखिर में 4 चम्मच हल्दी डालकर अचार को एक बार फिर अच्छी तरह मिला लें।

4 साल तक नहीं होगा खराब

चंपा देवी ने बताया कि तैयार अचार को साफ और सूखे बर्तन में भरकर करीब 10 दिनों तक ढककर रखें। बीच-बीच में इसे चलाते रहें, ताकि मसाला और तेल सभी टुकड़ों में अच्छी तरह समा जाए। 10 दिन बाद स्वादिष्ट देसी आम का अचार खाने के लिए तैयार हो जाता है।

उनके मुताबिक, अगर इसे साफ-सफाई के साथ और सही तरीके से रखा जाए तो यह अचार चार साल तक सुरक्षित रह सकता है और हर भोजन का स्वाद बढ़ाता रहता है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!