बिहार
एक घंटा पहले
3
विचारों
बिहार के गोपालगंज में एक बड़े बिजली हादसे ने एक दुकानदार की जान ले ली। यहां एक किराना दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आकर दुकान के भीतर सो रहे व्यक्ति की झुलसने से मौत हो गई। बढ़ती गर्मी के बीच इस तरह के अग्निकांड लगातार सामने आ रहे हैं।
गोपालगंज में किराना दुकान में लगी आग
यह घटना विश्वम्भरपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया मोड़ की है। बताया जा रहा है कि बिजली मीटर से निकली एक चिंगारी ने देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर सो रहे 54 वर्षीय दुकानदार परमानंद शर्मा बुरी तरह झुलस गए। मृतक मटिहनिया गांव के निवासी थे।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घायल दुकानदार की जान बचाने के लिए लोग उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आरा में टला बड़ा हादसा
इसी तरह आरा में एक बिजली हादसा बाल-बाल टल गया। यहां बिजली के पोल में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते इसने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि लोग भयभीत हो गए। पूरा मामला भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र की बैंक कॉलोनी का बताया जा रहा है, जहां बिजली के खंभे में अचानक आग भड़क उठी।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। बाद में स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद करवाई और आसपास के लोगों ने पहुंचकर किसी तरह आग को बुझाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हो सकता था।
गर्मी में बढ़ जाती हैं आग की घटनाएं
एक ओर लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं तो दूसरी ओर यही गर्मी जानलेवा भी साबित हो रही है। कहीं गर्मी से लोगों की तबीयत बिगड़ रही है तो कहीं यह विकराल आग का रूप लेकर सबकुछ राख कर दे रही है। गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं अचानक बढ़ जाती हैं और दुकान, मकान, अस्पताल से लेकर सरकारी इमारतों तक में आग की खबरें सामने आती रहती हैं।
ऐसे में सतर्क रहने की बेहद जरूरत है। घर के पुराने तारों के साथ-साथ बिजली और गैस से जुड़े उपकरणों की तारों की भी समय-समय पर जांच करते रहना चाहिए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।
Comments
0 comment