मध्य प्रदेश
5 घंटे पहले
7
विचारों
मध्य प्रदेश के उज्जैन से एक घटना सामने आई है, जहां विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के दौरान एक युवक की बुरी तरह पिटाई कर दी गई। दर्शन की कतार में लगे एक मुस्लिम युवक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। यह घटना 16 और 17 जून की दरमियानी रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
पहचान सामने आते ही कतार में मचा हंगामा
जानकारी के अनुसार, पुणे के पिंपरी इलाके का रहने वाला 26 वर्षीय सरफराज शेख एक हिंदू युवती के साथ उज्जैन दर्शन के लिए पहुंचा था। रात करीब 2 बजे दोनों महाकाल मंदिर की चलित भस्मारती में शामिल होने के लिए हरसिद्धि चौराहे के पास कतार में खड़े थे। युवक के माथे पर 'महाकाल' लिखा हुआ था और उसने चंदन का त्रिपुंड भी लगा रखा था। कतार में खड़े रहने के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को युवक पर शक हुआ। जब उन्होंने उसका पहचान पत्र जांचा तो उसके मुस्लिम होने की बात उजागर हुई। पहचान सामने आते ही वहां मौजूद कुछ लोग भड़क उठे और हंगामा शुरू हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई
देखते ही देखते युवक के साथ मारपीट होने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक बार-बार खुद को छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने उसकी एक नहीं सुनी। इस हंगामे के चलते कतार में लगे अन्य श्रद्धालुओं के बीच भी अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया।
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि युवक को सुरक्षित लाकर उससे पूरी घटना के बारे में पूछताछ की गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। एहतियात के तौर पर युवक और युवती, दोनों के परिजनों को उज्जैन बुलाया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार, लिखित शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments
0 comment