शिवसेना स्थापना दिवस से पहले उद्धव की पार्टी में बड़ी टूट की आहट, सात सांसद आज ओम बिरला से मिलेंगे भारत एक घंटा पहले 2
शिवसेना (यूबीटी) के सात सांसद आज दिल्ली में एक नया गुट बनाकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात करेंगे और श्रीकांत शिंदे के घर बैठक भी करेंगे। उधर उद्धव खेमे ने अलग गुट को मान्यता न देने की मांग करते हुए अध्यक्ष को पत्र लिखा है।

शिवसेना के स्थापना दिवस से ठीक पहले उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) में बड़ी फूट के आसार बन गए हैं। पार्टी के सात सांसद आज दिल्ली में एक अलग गुट के रूप में सामने आकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात करने जा रहे हैं। यह मुलाकात लोकसभा अध्यक्ष के आवास पर आज सुबह 10 बजे से पहले प्रस्तावित है। इसके अलावा ये सांसद दिल्ली में श्रीकांत शिंदे के निवास पर भी बैठक करेंगे, जिसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी रहने की संभावना है।

कौन हैं वे सात बागी सांसद

जिन सांसदों के इस कदम में शामिल होने की चर्चा है, उनमें संजय दीना पाटिल, संजय देशमुख, नागेश पाटिल आष्टीकर, ओमप्रकाश राजे निंबालकर, भानुसाहेब वाकचौरे और संजय जाधव के नाम तय माने जा रहे हैं। इनके साथ नासिक सीट से सांसद राजाभाऊ वाजे का नाम भी शिंदे गुट से जुड़ने वालों की सूची में बताया जा रहा है।

उद्धव खेमे ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र

माना जा रहा है कि उद्धव गुट में इस विभाजन को 19 जून को औपचारिक रूप दिया जा सकता है, क्योंकि उसी दिन शिवसेना का स्थापना दिवस है। इस हलचल को देखते हुए उद्धव खेमा भी सतर्क हो गया है। पार्टी की ओर से लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर मांग की गई है कि अलग बने गुट को मान्यता न दी जाए। यह पत्र पार्टी के नेता और सांसद अरविंद सावंत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष को भेजा गया है।

यूबीटी ने सांसदों को जारी किया व्हिप

दूसरी ओर, दिल्ली में कल उद्धव ठाकरे गुट के सांसदों की बैठक भी बुलाई गई है। इसके लिए पार्टी ने विधिवत व्हिप जारी कर दिया है और सभी सांसदों को बैठक में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। यह सारी गतिविधियां उद्धव ठाकरे गुट के सांसदों में टूट की आशंका के बीच हो रही हैं।

मातोश्री के बाहर उद्धव के समर्थन में पोस्टर

जहां दिल्ली में बागी सांसदों की बैठक चल रही है, वहीं मुंबई में मातोश्री के बाहर एक पोस्टर लगाया गया है जिस पर लिखा है—‘हम सदैव ठाकरे के साथ हैं’। इस पोस्टर पर उद्धव ठाकरे और बालासाहेब ठाकरे के साथ-साथ आदित्य ठाकरे की भी तस्वीर लगाई गई है, जिसके जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि असली शिवसेना ठाकरे परिवार की ही है।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!