उत्तर प्रदेश
48 मिनट पहले
3
विचारों
उत्तर प्रदेश के संभल जिले के धनारी थाना क्षेत्र से बीते 31 मई से लापता एक 15 वर्षीय किशोर का शव दिल्ली के आनंद विहार इलाके में पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। जैसे ही शव गांव पहुंचा, गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए आगरा-मुरादाबाद हाईवे को जाम करने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों के काफी प्रयास और समझाने-बुझाने के बाद करीब दो घंटे बाद हालात सामान्य हो सके।
काम सीखने जाता था 15 वर्षीय गोलू
मिली जानकारी के मुताबिक, धनारी थाना क्षेत्र के गांव बिचपुरी भूड़ का रहने वाला गोलू उर्फ अंशु (15 वर्ष) बहजोई कोतवाली क्षेत्र के पाठकपुर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर काम सीखने जाया करता था। 31 मई को भी वह दुकान पर गया था, लेकिन शाम होने तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग न मिलने पर उसी दिन यानी 31 मई को पुलिस को उसके गुमशुदा होने की सूचना दे दी गई।
आनंद विहार में पेड़ से लटकता मिला शव
लापता किशोर की खोजबीन के बीच 2 जून को दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे के पीछे एक सुनसान जंगली इलाके में उसका शव पेड़ से लटकता हुआ बरामद हुआ। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान गोलू उर्फ अंशु के रूप में की। दिल्ली में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद बुधवार को उसे वापस संभल लाया गया।
किशोर का शव जैसे ही उसके पैतृक गांव बिचपुरी भूड़ पहुंचा, परिजनों का सब्र टूट गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर शव रखकर जाम लगाने का प्रयास किया।
मौके पर पहुंचे भारी पुलिस बल और उच्चाधिकारियों को ग्रामीणों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। करीब दो घंटे तक चली मशक्कत और निष्पक्ष कार्रवाई के पुख्ता आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और शव के अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।
"जो कभी बाहर नहीं गया, वह दिल्ली कैसे पहुंचा?"
मृतक किशोर के पिता ने इस मामले में अपनी बेटी के ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर बेटे के अपहरण और हत्या का सीधा शक जताया है। पीड़ित पिता का कहना है कि बेटी के ससुराल वालों से उनका पुराना विवाद चल रहा है, जिसका मुकदमा कोर्ट में भी विचाराधीन है। उनका आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उनके बेटे को निशाना बनाया गया। परिवार के सामने यह सवाल भी है कि जो किशोर गांव और आसपास के इलाके से बाहर नहीं जाता था, वह आखिर दिल्ली तक कैसे पहुंच गया।
पुलिस का कहना है कि किशोर 31 मई से लापता था और उसका शव दिल्ली में मिला है। पिता द्वारा लगाए गए आरोपों समेत मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों और परिस्थितियों को लेकर पड़ताल जारी है।
Comments
0 comment