ऑस्ट्रेलियन ओपन: पीवी सिंधु राउंड ऑफ 16 में, 17 साल की तन्वी शर्मा ने रचा बड़ा उलटफेर खेल एक घंटा पहले 2
ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 में पीवी सिंधु ने सीधे गेमों में जीत के साथ प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, वहीं 17 वर्षीय तन्वी शर्मा ने पांचवीं वरीय खिलाड़ी को हराकर सबसे बड़ा उलटफेर किया।

सिडनी में बुधवार को खेले गए ऑस्ट्रेलियाई ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु की अगुआई में भारतीय महिला खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। तीसरी वरीय सिंधु के साथ-साथ तन्वी शर्मा, मालविका बंसोड, ईशारानी बरुआ और तान्या हेमंत ने भी राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह पक्की कर ली।

सिंधु की एकतरफा जीत

महिला एकल के पहले दौर में सिंधु ने पेरू की इनेस लूसिया कास्टिलो सालाजार को महज 32 मिनट में 21-13, 21-11 से सीधे गेमों में मात दी। अगले दौर में उनका सामना हमवतन ईशारानी बरुआ से होगा, जिन्होंने एक घंटा तीन मिनट तक चले कड़े मुकाबले में चीन की हान कियान को 22-20, 10-21, 21-14 से हराया।

तन्वी का सबसे बड़ा उलटफेर

दिन का सबसे चौंकाने वाला नतीजा 17 साल की तन्वी शर्मा के नाम रहा। दुनिया की 36वें नंबर की इस खिलाड़ी ने पांचवीं वरीय और विश्व रैंकिंग में 11वें स्थान पर मौजूद चीनी ताइपे की च्यु पिन चियान को 45 मिनट में 21-12, 22-20 से शिकस्त दी।

अगले दौर में तन्वी का मुकाबला साथी भारतीय मालविका बंसोड से होगा, जिन्होंने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए थाईलैंड की तोंरुंग सेहेंग को 15-21, 21-7, 21-13 से हराया।

तान्या भी अगले दौर में

तान्या हेमंत ने अमेरिका की इशिका जायसवाल को 39 मिनट में 21-17, 21-18 से पराजित किया। अगले दौर में उनका सामना थाईलैंड की दूसरी वरीय और दुनिया की आठवें नंबर की खिलाड़ी पोर्नपावी चोचुवोंग से होगा।

पुरुष एकल में निराशा

भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ियों के लिए दिन निराशाजनक रहा और किरण जॉर्ज, थारुन मान्नेपल्ली व क्वालीफायर सनीथ दयानंद पहले ही दौर में बाहर हो गए।

किरण को मलेशिया के जस्टिन हो के खिलाफ एक घंटा दो मिनट चले संघर्ष में 19-21, 21-14, 15-21 से हार झेलनी पड़ी। क्वालीफायर दयानंद चीन के हू झिआन से सिर्फ 35 मिनट में 8-21, 10-21 से हारकर बाहर हो गए। थारुन उलटफेर के करीब पहुंचे, लेकिन आखिरकार दूसरे वरीय और विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर मौजूद चीनी ताइपे के लिन चुन यी से एक घंटा 20 मिनट में 21-18, 13-21, 23-25 से मात खा गए।

मिश्रित युगल का हाल

मिश्रित युगल में ध्रुव रावत और मनीषा के की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया के लिन जेडन और विक्टोरिया जोनाडी को 27 मिनट में 21-13, 21-14 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। हालांकि मोहित जगलान और लक्षिता जगलान को चीन की दूसरी वरीय जोड़ी गुओ शिन वा व चेन फेंग हुइ के खिलाफ केवल 20 मिनट में 6-21, 5-21 से हार का सामना करना पड़ा।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!