जीवनशैली
एक घंटा पहले
5
विचारों
त्योहारों में मेहमानों की आवभगत के लिए बेस्ट विकल्प
दिवाली का पावन पर्व नजदीक है और हर घर में इसकी धूम साफ देखी जा सकती है। साफ-सफाई से लेकर सजावट तक की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। दिवाली खुशियों और मेल-मिलाप का त्योहार है, जिसमें दोस्तों और रिश्तेदारों का एक दूसरे के घर आना-जाना बना रहता है। कई बार ऐसा होता है कि मेहमान बिना बताए अचानक पहुंच जाते हैं और उस वक्त यह समझ नहीं आता कि उन्हें स्नैक्स में क्या परोसा जाए। अगर आप भी ऐसी स्थिति को लेकर चिंतित हैं, तो अब फिक्र करने की जरूरत नहीं है। आप बहुत ही कम समय में क्रिस्पी कॉर्न तैयार कर सकते हैं, जो न केवल बनाने में बेहद सरल हैं, बल्कि स्वाद में लाजवाब भी होते हैं। यहां जानिए इस खास स्नैक को बनाने की पूरी विधि।
क्रिस्पी कॉर्न बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
- 2 कप उबले हुए स्वीट कॉर्न।
- 3 से 4 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लार।
- 1 बड़ा चम्मच चावल का आटा (कुरकुरापन बढ़ाने के लिए)।
- आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर।
- 1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर।
- 1 छोटा चम्मच चाट मसाला।
- 1/4 कप बारीक कटा हुआ प्याज।
- 2 बड़े चम्मच बारीक कटी हुई शिमला मिर्च।
- 2 बारीक कटी हुई हरी मिर्च।
- 1 छोटा चम्मच नींबू का रस।
- बारीक कटा हुआ हरा धनिया।
- तलने के लिए पर्याप्त तेल।
- नमक स्वादानुसार।
बनाने की विधि
कॉर्न को कोटिंग दें: सबसे पहले एक गहरे बाउल में उबले हुए स्वीट कॉर्न डालें। इसमें कॉर्नफ्लार, चावल का आटा, थोड़ा सा नमक और काली मिर्च पाउडर डालकर हल्के हाथों से मिलाएं। यह सुनिश्चित करें कि कॉर्न के दानों पर सूखे आटे की एक पतली और अच्छी कोटिंग पूरी तरह से चिपक जाए।
कुरकुरा तलें: एक कड़ाही में तलने के लिए तेल गरम करें। जब तेल पर्याप्त गरम हो जाए, तब कॉर्न के दानों को थोड़ा-थोड़ा करके तेल में डालें। इन्हें मीडियम से हाई फ्लेम पर सुनहरा और एकदम कुरकुरा होने तक फ्राई करें।
तड़के का स्वाद: तली हुई कॉर्न को टिशू पेपर पर निकालें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए। अब एक अलग पैन में 1 छोटा चम्मच तेल गरम करें। इसमें कटी हुई हरी मिर्च, प्याज और शिमला मिर्च डालकर तेज आंच पर कुछ सेकंड के लिए हल्का टॉस करें।
अंतिम सजावट: अब पैन में तैयार किए हुए क्रिस्पी कॉर्न डालें। इसमें ऊपर से कश्मीरी लाल मिर्च, चाट मसाला, स्वादानुसार नमक और नींबू का रस मिलाएं। सभी सामग्री को अच्छी तरह टॉस करने के बाद बारीक कटे हुए हरे धनिए से सजाकर गरमा-गरम सर्व करें। यह नाश्ता सभी मेहमानों को बेहद पसंद आएगा और वे आपकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएंगे।
Comments
0 comment