महाराष्ट्र
एक घंटा पहले
1
विचारों
ठाणे जिले के कल्याण पूर्व के आत्माराम नगर इलाके में गुरुवार को हुई गोलीबारी की वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। इस फायरिंग में एक पत्रकार के बेटे राहुल वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें फौरन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वे जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
पत्रकार के बेटे पर जानलेवा हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, आत्माराम नगर में हमलावरों ने दो राउंड फायरिंग की। गोली लगने से राहुल वर्मा बुरी तरह जख्मी हो गए। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी तादाद में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई करते हुए दही गैंग से जुड़े चार आरोपियों को धर दबोचा। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात में इस्तेमाल हुए हथियारों की भी पड़ताल जारी है।
दही गैंग पर कसा शिकंजा
डीसीपी अतुल झेंडे ने बताया कि फायरिंग के पीछे की वजहों और पकड़े गए आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। वारदात के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा के इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं। इस घटना ने कल्याण में बढ़ते गैंगवार और आपराधिक वारदातों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की हर एंगल से छानबीन में जुटी है।
डीसीपी के सामने आरोपियों से कराई गई उठक-बैठक
इस फायरिंग के बाद एक चौंकाने वाली बात भी सामने आई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में तो ले लिया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि डीसीपी की मौजूदगी में चारों आरोपियों के हाथों में रस्सी बांधकर उनसे उठक-बैठक करवाई गई। यह तरीका मोरल पुलिसिंग के दायरे में आता है, जिसकी कानूनन इजाजत नहीं होती — खासकर इतने संगीन अपराध के मामले में।
मुंबई में दिनदहाड़े चाकूबाजी की वारदात
इससे पहले 7 जून को मुंबई के अप्पा पाड़ा इलाके के पास एक व्यक्ति ने चाकूबाजी की वारदात को अंजाम दिया था। इस जानलेवा हमले में एक युवक की जान चली गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। चाकू से किए गए इस हमले में आकाश धोत्रे नाम के 28 साल के युवक की मौत हुई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Comments
0 comment