भारत
6 दिन पहले
11
विचारों
नई दिल्लीः दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में हल्की बारिश तो हुई, लेकिन तापमान में कोई बड़ी गिरावट देखने को नहीं मिली। दिन के समय तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2-3 दिनों में तेलंगाना और विदर्भ के कुछ हिस्सों में लू (heat wave) चलने के आसार हैं। राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 38°C से 40°C के बीच बना हुआ है, जिसकी वजह से गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर हरियाणा, पंजाब और राजस्थान समेत कई राज्यों में आज अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
कहां तक पहुंचा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। आने वाले 6-7 दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और असम व मेघालय में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 17-20 जून के बीच भारी बारिश हो सकती है।
उत्तर भारत में मौसम का हाल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 18-21 जून के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ़्फ़राबाद में बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है, जहां 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान का अनुमान
16 जून और 18-20 जून के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 16 जून को तेज आंधी-तूफान आने की आशंका है, जहां हवाओं की रफ्तार 60-70 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।
Comments
0 comment