गुब्बारे जैसे फूले-फूले भटूरे चाहिए? जान लें यह आसान स्टेप-बाय-स्टेप तरीका जीवनशैली एक महीने पहले 18
घर पर अक्सर भटूरे कड़क बन जाते हैं या फूलते ही नहीं। यहाँ जानिए सही सामग्री और आसान विधि, जिससे आपके भटूरे गुब्बारे जैसे फूले और मुलायम बनेंगे।

छोले भटूरे का नाम सुनते ही मुँह में पानी आ जाता है। गरमागरम मसालेदार छोले के साथ नरम और फूले हुए भटूरे का स्वाद हर किसी को भाता है। मुश्किल यह है कि घर पर बनाते समय छोले तो बढ़िया तैयार हो जाते हैं, मगर भटूरे अक्सर साथ नहीं देते। कभी वे कड़क रह जाते हैं तो कभी तेल में डालते ही फूलने का नाम नहीं लेते। अगर आपके सामने भी यही परेशानी आती है, तो नीचे बताई गई विधि से आप बाजार जैसे फूले-फूले भटूरे आसानी से बना सकते हैं।

भटूरा बनाने के लिए ज़रूरी सामग्री

दो कप मैदा, आधा कप रवा, एक चम्मच पीसी हुई शक्कर, आधा चम्मच बेकिंग पाउडर, आधा चम्मच बेकिंग सोडा, चुटकीभर नमक, एक तिहाई दही, आटा गूंथने के लिए पानी और 2 चम्मच तेल।

भटूरा बनाने की विधि

पहला स्टेप: सूखी सामग्री मिलाएं

एकदम फूले-फूले भटूरे के लिए सबसे पहले एक बड़ा परात लें। इसमें दो कप मैदा, आधा कप रवा, एक चम्मच पीसी हुई शक्कर, आधा चम्मच बेकिंग पाउडर, आधा चम्मच बेकिंग सोडा, चुटकीभर नमक और एक तिहाई दही डालकर सभी चीज़ों को अच्छी तरह मिला लें।

दूसरा स्टेप: आटा गूंथें और सेट होने दें

अब इस मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। ध्यान रहे कि आटा मुलायम होना चाहिए। गूंथने के बाद उस पर तेल लगाएं और आटे को तीन से चार बार अच्छी तरह पटकें, इससे वह और भी मुलायम हो जाएगा। आटे का ऊपरी हिस्सा सूखे नहीं, इसके लिए उस पर तेल लगाकर एक कपड़े से ढक दें और अच्छी तरह सेट होने के लिए दो घंटे के लिए रख दें।

तीसरा स्टेप: लोइयां काटकर रेस्ट दें

तय समय बीतने के बाद आटे पर से कपड़ा हटाएं और उसकी लोइयां काट लें। इन लोइयों को भी दस से 15 मिनट तक रेस्ट करने के लिए अलग रख दें। दरअसल, लोइयां काटते समय आटे में ग्लूटेन टाइट हो जाता है, जिसकी वजह से भटूरे ठीक से बेल नहीं पाते। इसीलिए इन्हें थोड़ी देर के लिए छोड़ देना ज़रूरी है।

चौथा स्टेप: बेलें और तलें

15 मिनट बाद लोइयों को चौकी या किचन के सरफेस पर लंबे शेप में बेल लें। अब कड़ाही में तेल गरम करें और तेल अच्छी तरह गरम हो जाने पर बेले हुए भटूरे उसमें डालें। भटूरे को हाई फ्लेम पर तलें। जैसे ही भटूरा गरम तेल में जाएगा, वह तुरंत फूल जाएगा और गुब्बारे जैसा हो जाएगा। आपका भटूरा तैयार है, इसे गरमागरम छोले के साथ परोसें।

प्रिया नायर पाबना की लाइफस्टाइल एवं फैशन एडिटर हैं, जो फैशन, ब्यूटी और लाइफस्टाइल ट्रेंड्स कवर करती हैं। रिश्तों, संस्कृति और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर भी वे लिखती हैं। उनका लेखन आधुनिक और भारतीय जीवनशैली का संतुलन पेश करता है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप