सुबह की भागदौड़ में चुटकियों में तैयार करें सूजी-बेसन के हेल्दी अप्पे, जान लें आसान रेसिपी जीवनशैली एक महीने पहले 56
कम तेल-मसाले में बनने वाले सूजी और बेसन के अप्पे बड़ों और बच्चों दोनों को पसंद आएंगे। रात में बैटर तैयार करके सुबह मिनटों में यह पौष्टिक नाश्ता बनाया जा सकता है।

सुबह की शिफ्ट पर निकलना हो या बच्चों को स्कूल भेजना हो, नाश्ता बनाने के लिए अक्सर वक्त कम पड़ जाता है। रोज-रोज ब्रेड खाना भी सेहत के लिहाज से ठीक नहीं माना जाता। ऐसे में आज हम आपके लिए एक ऐसा नाश्ता लेकर आए हैं जो पौष्टिक होने के साथ-साथ स्वादिष्ट भी है। बॉल जैसी गोल शेप वाला यह नाश्ता घर के बड़े और बच्चे, सभी को भाएगा। बहुत कम तेल और मसाले में तैयार होने वाले ये सूजी-बेसन के अप्पे खाने में बेहद मजेदार लगते हैं। अगर सुबह आपके पास समय की कमी रहती है तो आप रात में ही इसका बैटर बनाकर रख सकते हैं और सब्जियां पहले से काटकर रख लें, ताकि सुबह कुछ ही मिनटों में नाश्ता बनकर तैयार हो जाए।

सबसे जल्दी तैयार होने वाले अप्पे की रेसिपी

पहला स्टेप

सबसे पहले एक बर्तन में 1 कप सूजी लें और उसमें आधा कप बेसन डालकर दोनों को अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें आधा कप से थोड़ा ज्यादा गाढ़ा दही डालकर मिश्रण तैयार करें। दही के साथ सूजी को फूलने देने के लिए इसे ढककर कुछ देर रख दें। इस बीच प्याज, शिमला मिर्च, गाजर, हरी मिर्च, हरा धनिया और थोड़ा कद्दूकस किया हुआ आलू काटकर तैयार कर लें।

दूसरा स्टेप

अब कटी हुई सब्जियों को बैटर में डालकर मिला दें, जिससे बैटर थोड़ा पतला हो जाएगा। इसमें स्वादानुसार नमक, हल्दी पाउडर और घिसा हुआ अदरक मिलाएं और सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें। इसके बाद अप्पे पैन को गर्म करें और तैयार किए गए सूजी-बेसन के मिश्रण में आधा टीस्पून बेकिंग सोडा डाल दें। ऐसा करने से अप्पे खूब फूले हुए और स्पंजी बनेंगे।

तीसरा स्टेप

अब बैटर को अप्पे पैन में डालकर ढक दें और पहले एक तरफ से सेंक लें। इसके बाद ब्रश की मदद से ऊपर हल्का तेल लगाएं और अप्पे को पलटकर दूसरी ओर से भी सेंकें। जब दोनों तरफ से अप्पे अच्छी तरह सिंक जाएं तो इन्हें निकाल लें। आप इन्हें ऐसे ही खा सकते हैं या फिर ऊपर से हल्का राई का तड़का भी लगा सकते हैं। इसके लिए एक पैन में 1 चम्मच सरसों का तेल गर्म करें, उसमें राई और जीरा डालें, फिर थोड़ी हींग और करी पत्ता डाल दें और ऊपर से तैयार अप्पे डालकर मिला लें।

चौथा स्टेप

तैयार अप्पे को अपनी पसंदीदा चटनी या सॉस के साथ परोसें। आप इन्हें नारियल या मूंगफली की चटनी के साथ भी खा सकते हैं। इस तरीके से बनाए गए अप्पे बेहद हेल्दी और टेस्टी लगते हैं। सबसे खास बात यह है कि इस नाश्ते को आप चंद मिनटों में बनाकर तैयार कर सकते हैं। बच्चों को टिफिन में भी यह नाश्ता बनाकर दिया जा सकता है।

प्रिया नायर पाबना की लाइफस्टाइल एवं फैशन एडिटर हैं, जो फैशन, ब्यूटी और लाइफस्टाइल ट्रेंड्स कवर करती हैं। रिश्तों, संस्कृति और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर भी वे लिखती हैं। उनका लेखन आधुनिक और भारतीय जीवनशैली का संतुलन पेश करता है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप