हरियाणा
10 घंटे पहले
3
विचारों
हरियाणा के फरीदाबाद में बीते चार दिनों से अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। मंदिर और मस्जिद पर हुई कार्रवाई के बाद अब नगर निगम की टीम नमो भारत प्रोजेक्ट के लिए छह जेसीबी मशीनें लेकर नेहरू कॉलोनी पहुंच गई है। बुधवार को मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
नेहरू कॉलोनी में फिर शुरू हुई तोड़फोड़
नेहरू कॉलोनी में बुधवार सुबह एक बार फिर बुलडोजर की गड़गड़ाहट सुनाई दी। नगर निगम की टीम कई जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। एलिवेटेड फ्लाईओवर और नमो भारत प्रोजेक्ट के काम के चलते इन अवैध ढांचों को गिराया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यहां अवैध रूप से रह रहे लोगों को पहले ही दो दिन का समय दिया जा चुका था। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल मौजूद है, छह जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं और सुबह सात बजे से तोड़फोड़ का काम जारी है।
रास्ते बंद, बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
बताया जा रहा है कि सैनिक कॉलोनी, बाटा मोड़, तीन नंबर और चार नंबर के रास्ते बंद कर दिए गए हैं। पूरे इलाके में बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है। अब करीब 50 फुट के दायरे में आने वाले मकानों को हटाया जाएगा।
एलिवेटेड फ्लाईओवर और RRTS परियोजना के लिए जमीन खाली कराई जा रही है। फिलहाल स्थानीय लोग अपने घरों से सामान निकालने में जुटे हुए हैं। इससे पहले शनिवार रात इसी इलाके में तीन अवैध धार्मिक स्थल भी हटाए जा चुके हैं।
एनजीटी के आदेश पर हो रही कार्रवाई
नगर निगम कमिश्नर धीरेन्द्र कुमार के अनुसार, यह कार्रवाई एनजीटी के आदेश पर की जा रही है। उनका कहना है कि गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा नमो भारत (RRTS) कॉरिडोर और एलिवेटेड रोड परियोजना के निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने के मकसद से अवैध निर्माण हटाए जा रहे हैं।
प्रशासन का दावा है कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को तेज तथा सुगम परिवहन की सुविधा मिल सकेगी।
चार दिनों से लगातार जारी है अभियान
गौरतलब है कि नगर निगम की यह कार्रवाई बीते चार दिनों से लगातार चल रही है। 30 मई की रात एनआईटी-3 स्थित मस्जिद चौक इलाके से तोड़फोड़ की शुरुआत हुई थी, जहां करीब 700 गज क्षेत्र में बनी एक मस्जिद को हटाया गया। इसके साथ ही करीब 30 वर्ष पुराने एक शिव मंदिर को भी ध्वस्त कर दिया गया था।
निगम अधिकारियों के मुताबिक, अब तक छोटे-बड़े मिलाकर 50 से अधिक अवैध निर्माणों को हटाया जा चुका है। वहीं इस इलाके में रातों-रात सड़क का निर्माण भी कर दिया गया है।
Comments
0 comment