उत्तराखंड
7 घंटे पहले
3
विचारों
उत्तराखंड के देहरादून से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप उठे। यहां एक विवाहित महिला को उसके ससुराल वालों ने पिछले 10 महीनों से टॉयलेट में बंधक बनाकर रखा हुआ था। पीड़िता के पिता का आरोप है कि इस दौरान उसे खाने के लिए सिर्फ प्याज, मिर्च और चावल ही दिए जाते रहे।
कैसे सामने आया पूरा मामला
यह घटना देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र की है। मामला तब उजागर हुआ, जब 26 मई को पीड़िता के पिता अपनी बेटी के घर पहुंचे। पीड़िता के पिता सेना के सेवानिवृत्त हवलदार हैं। उन्होंने किसी तरह अपनी बेटी को इस नर्क जैसी जिंदगी से छुड़ाया और इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जुड़वां बच्चों के जन्म के बाद शुरू हुआ अत्याचार
पीड़िता के पिता के मुताबिक उनकी बेटी ने पिछले साल फरवरी में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। इसके तुरंत बाद ही उस पर जुल्म ढाए जाने लगे। आरोप है कि नवजात बच्चों से अलग कर महिला को टॉयलेट में बंद कर दिया जाता था और भोजन के नाम पर उसे केवल प्याज, मिर्च और चावल थमा दिए जाते थे।
पिता का यह भी कहना है कि बेरहमी से की गई मारपीट के कारण महिला के सिर के बाल तक उखड़ चुके हैं। 10 महीने तक उसे हर दिन ऐसी सजा दी जाती रही, मानो बहू होना ही उसका सबसे बड़ा गुनाह हो।
पति पर भी शामिल होने का आरोप
हैरान करने वाली बात यह है कि महिला का पति दिल्ली के एक केंद्रीय विद्यालय में शिक्षक के पद पर तैनात है। आरोप है कि इस क्रूरता में वह भी अपने परिवार के साथ शामिल था।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीते दिनों मध्य प्रदेश के ट्विशा शर्मा केस, ग्रेटर नोएडा की दीपिका नागर और लखनऊ की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मानसी की मौत जैसे मामलों के बीच यह घटना एक बार फिर विवाहिताओं के साथ हो रहे अत्याचार की ओर ध्यान खींचती है।
Comments
0 comment