ख्याति जैन मौत मामले में नया मोड़, मां ने लगाया हत्या का आरोप, बोलीं- घटना के दिन घर में मौजूद था बेटी का बॉयफ्रेंड मध्य प्रदेश 3 घंटे पहले 2
भोपाल में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्रा ख्याति जैन की मौत को लेकर उनकी मां वर्षा जैन ने बॉयफ्रेंड पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के 24 दिन बाद भी एफआईआर दर्ज न होने पर परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है।

मध्य प्रदेश के भोपाल में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्रा ख्याति जैन की मौत ने अब एक नया रुख ले लिया है। उनकी मां वर्षा जैन ने बेटी के दोस्त पर सीधे हत्या का आरोप मढ़ते हुए मामले को नया एंगल दे दिया है। परिवार का कहना है कि मौत के 24 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक एफआईआर तक दर्ज नहीं हो सकी है।

मां का आरोप- बेटी की हुई हत्या

वर्षा जैन के मुताबिक उनकी बेटी की 11 मई को अशोका गार्डन क्षेत्र में हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि उस दिन वह खुद इंटरव्यू देने के लिए सोनकच्छ गई हुई थीं और घर से जल्दी निकल गई थीं, जबकि बेटी का दोस्त तनीष चंद्रवंशी घर पर मौजूद था।

मां ने आरोप लगाया कि तनीष उस दिन घर आया और करीब सवा तीन घंटे तक वहीं रुका रहा। शाम को भी वह दोबारा घर पहुंचा। उनका कहना है कि तनीष ने एक वीडियो बनाकर भेजा, जिसमें उनकी बेटी मृत अवस्था में लेटी हुई दिखाई दे रही है।

संदिग्ध मैसेज पर सवाल

वर्षा जैन ने बताया कि तनीष ने उन्हें एक मैसेज भी भेजा और दावा किया कि यह संदेश इंस्टाग्राम पर उनकी बेटी ने भेजा था। हालांकि मां का कहना है कि इंस्टाग्राम का एक्सेस तनीष के ही पास था। उन्होंने यह भी कहा कि उस मैसेज में जिस तरह की भाषा शैली है, वह उनकी बेटी की भाषा शैली से बिल्कुल मेल नहीं खाती।

राष्ट्रपति तक पहुंचाई शिकायत

मां ने बताया कि घटना को 24 दिन हो चुके हैं, फिर भी पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। न्याय की उम्मीद में परिवार दर-दर भटक रहा है और हर स्तर पर गुहार लगा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग और राष्ट्रीय महिला अधिकार आयोग तक शिकायत भेजी जा चुकी है। वर्षा जैन ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की अपील की है।

संदिग्ध मौत पर उठे कई सवाल

मां के आरोपों के बाद ख्याति की संदिग्ध मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इस सिलसिले में बॉयफ्रेंड से पूछताछ की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सामने आने के बाद जांच पर दबाव और बढ़ गया है। मौत से पहले ख्याति द्वारा भेजे गए आखिरी मैसेज ने भी बड़ा सस्पेंस पैदा कर दिया है। फिलहाल यह मौत आत्महत्या है या किसी साजिश का नतीजा, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!