बागी बलिया के 'लाल' पर ओम प्रकाश राजभर का इशारा, सपा में टूट का दावा — क्या सनातन पाण्डेय बनेंगे विभीषण? उत्तर प्रदेश एक घंटा पहले 3
सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी में जल्द बड़ी टूट होगी और बलिया के सपा सांसद सनातन पाण्डेय इस बगावत के केंद्र में हो सकते हैं। राजभर के अनुसार सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने गृहमंत्री अमित शाह को एक पत्र भी लिखा है।

राजभर का नया ट्वीट, सपा में हलचल तेज

उत्तर प्रदेश की सियासत में इन दिनों सुभासपा प्रमुख और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बयानों से खलबली मची हुई है। बीते बुधवार को उन्होंने यह दावा कर सभी को चौंका दिया था कि समाजवादी पार्टी में जल्द एक बड़ी टूट देखने को मिलेगी। इसी कड़ी में उन्होंने एक और ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि लोग पूछ रहे हैं कि सपा में कौन सी टूट होने वाली है — तो जवाब यह है कि सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की 'बागी भूमि' का एक लाल करेगा।

ब्राह्मण बैठक में तिरस्कार की बात

ओम प्रकाश राजभर ने अपने ट्वीट में यह भी लिखा कि बुधवार को सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मण समाज के लोगों के साथ जो तिरस्कारपूर्ण व्यवहार किया गया, उससे 'बागी बलिया' का वह लाल बहुत आहत हुआ है। उनके अनुसार सपा से अलग होने की योजना पहले से बनी हुई थी, लेकिन बुधवार की इस घटना ने आग में घी डालने का काम किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि टूट होकर रहेगी।

किसकी तरफ है राजभर का इशारा?

राजनीतिक गलियारों में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर 'बागी भूमि का वह लाल' कौन है जिसका ओम प्रकाश राजभर ने जिक्र किया। गौरतलब है कि बुधवार को समाजवादी पार्टी ने ब्राह्मण समाज की जो बैठक आयोजित की थी, उसका नेतृत्व बलिया से सपा सांसद सनातन पाण्डेय ने किया था। बलिया को ऐतिहासिक रूप से 'बागी बलिया' के नाम से जाना जाता है। इससे साफ संकेत मिलता है कि राजभर का इशारा सनातन पाण्डेय की तरफ ही है और उन्होंने अपने ट्वीट में सवाल भी उठाया — क्या सनातन पाण्डेय ही बनेंगे सपा के विभीषण?

अखिलेश पर भी निशाना, 'सांसद बचाओ अभियान' की सलाह

राजभर ने अपने ट्वीट में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी तंज कसा। उन्होंने लिखा कि उनकी एक प्रतिक्रिया पर पूरा सैफई खानदान गाली देने और सफाई देने में जुट गया। राजभर ने सलाह दी कि अखिलेश बाबू ट्विटर और प्रेस कॉन्फ्रेंस वाली नेतागिरी छोड़कर अब सांसद बचाओ अभियान शुरू करें और दुखी तथा निराश सांसदों के घर जाकर उनसे माफी मांगें।

रामगोपाल यादव की चिट्ठी का दावा

ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को यह भी दावा किया था कि सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को एक पत्र सौंपा है। राजभर के अनुसार उस चिट्ठी में उन सांसदों के नाम दर्ज थे जो भाजपा में शामिल होने वाले हैं। राजभर ने बताया कि चिट्ठी में यह भी उल्लेख था कि सीबीआई के खनन मामले की एफआईआर में अखिलेश यादव का जो नाम दर्ज है, उसे बचाना है, साथ ही गोमती रिवर फ्रंट मामले में परिवार के सदस्यों एवं शिवपाल जी के नाम को बचाने की बात भी लिखी गई थी। बदले में कुछ सांसदों को भाजपा के साथ भेजने की पेशकश की गई।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!