शाकाहारी लोगों के लिए कौन से फल और सब्जियां हैं प्रोटीन का सबसे बढ़िया स्रोत, जानें डॉक्टर की राय स्वास्थ्य एक घंटा पहले 2
महंगे सप्लीमेंट्स की जगह रोजाना की थाली में मौजूद कुछ फल, सब्जियां, दालें और बीज शरीर की प्रोटीन की जरूरत आसानी से पूरी कर सकते हैं। न्यूट्रिशनिस्ट के मुताबिक मटर, अमरूद और उड़द की दाल जैसे विकल्प शाकाहारी लोगों के लिए बेहतरीन हैं।

आज प्रोटीन के नाम पर बाजार में तरह-तरह के महंगे सप्लीमेंट्स बिक रहे हैं और बहुत से लोग बिना सोचे-समझे इनका सेवन कर रहे हैं। हकीकत यह है कि अगर थोड़ी समझदारी से खाया जाए तो रोजमर्रा की थाली में ही कई ऐसी चीजें मौजूद होती हैं, जो शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा कर सकती हैं। खास तौर पर शाकाहारी लोगों के लिए कई फल और सब्जियां प्रोटीन का बढ़िया स्रोत साबित होती हैं। आइए जानते हैं किन फलों और सब्जियों में प्रोटीन की मात्रा सबसे अधिक होती है।

इंस्टाग्राम पर न्यूट्रिशनिस्ट सोनिया नारंग ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वे कम बजट वाले हेल्दी प्रोटीन स्रोतों के बारे में जानकारी दे रही हैं। उनके मुताबिक शाकाहारी लोगों के लिए ऐसी कई सब्जियां और फल उपलब्ध हैं, जो प्रोटीन से भरपूर होते हैं। चूंकि प्लांट बेस्ड प्रोटीन शरीर के लिए सबसे अच्छा माना जाता है, इसलिए रोज के खाने में ही कुछ ऐसी चीजें शामिल करनी चाहिए, जिनसे प्रोटीन की कमी पूरी की जा सके।

किन फलों और सब्जियों में होता है प्रोटीन?

सब्जियों में मटर को प्रोटीन का सबसे अच्छा स्रोत माना जाता है, वहीं फलों में अमरूद सबसे ज्यादा प्रोटीन वाला फल है। दालों की बात करें तो उड़द की दाल प्रोटीन से भरपूर होती है और आटे में बेसन का आटा प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है। जो लोग स्नैक्स या टॉपिंग के जरिए प्रोटीन की मात्रा बढ़ाना चाहते हैं, उनके लिए नारंग बीज और ड्राई फ्रूट्स को भी अच्छा विकल्प बताती हैं। सबसे ज्यादा प्रोटीन वाले बीज कद्दू के बीज हैं, जबकि ड्राई फ्रूट्स में मूंगफली सबसे अधिक प्रोटीन देने वाली है। इसके अलावा सभी दालों में प्रोटीन अच्छी मात्रा में पाया जाता है और प्रोटीन के लिए फलियों का सेवन भी शाकाहारी लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है।

शाकाहारी लोगों के लिए प्रोटीन के अन्य स्रोत

दूध और दही में भी अच्छी मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है। इसके अलावा शाकाहारी लोगों के लिए सोयाबीन, टोफू और पनीर भी प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थ हैं। इनमें से कुछ चीजों को अपनी डाइट में शामिल कर आप प्रोटीन की कमी आसानी से दूर कर सकते हैं। अलग से सप्लीमेंट लेने के बजाय कोशिश करें कि रोज की थाली में ही प्रोटीन से भरपूर चीजें शामिल हों, ताकि शरीर की रोजाना की प्रोटीन की जरूरत बिना किसी परेशानी के पूरी होती रहे।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!