क्या खानपान से त्वचा में बढ़ सकता है कोलेजन? डॉक्टर हंसा योगेंद्र से जानिए ढलती उम्र में भी जवां त्वचा का राज़ जीवनशैली 2 घंटे पहले 2
उम्र बढ़ने के साथ त्वचा में कोलेजन घटने लगता है, जिससे झुर्रियां और ढीलापन दिखने लगता है। डॉक्टर हंसा योगेंद्र बता रही हैं कि सही डाइट और स्किन केयर से इस प्रोटीन को नैचुरली कैसे बढ़ाया जा सकता है।

झुर्रियां, फाइन लाइन, ढीली पड़ती त्वचा और बढ़ती उम्र के निशान—इन ज़्यादातर समस्याओं की जड़ अक्सर शरीर में कोलेजन की कमी होती है। दरअसल, कोलेजन एक ऐसा प्रोटीन है जो हमारी त्वचा को कसाव और लचीलापन देता है। उम्र बढ़ने के साथ इसी प्रोटीन का बनना धीमा पड़ने लगता है और नतीजा त्वचा पर झुर्रियों तथा एजिंग के रूप में सामने आता है। डॉक्टर हंसा योगेंद्र का कहना है कि अगर अपने खानपान और स्किन केयर रूटीन में कुछ खास चीज़ों को जगह दी जाए, तो न सिर्फ़ उम्र बढ़ने की रफ़्तार धीमी होती है, बल्कि शरीर में कोलेजन भी प्राकृतिक रूप से बढ़ने लगता है।

डाइट में शामिल करें ये चीज़ें

शरीर में कोलेजन का स्तर बढ़ाने के लिए सबसे पहले अपनी डाइट को बेहतर बनाना ज़रूरी है। इसके लिए विटामिन सी से भरपूर आंवला, संतरा, स्ट्रॉबेरी, शिमला मिर्च और ब्रोकली को अपने भोजन का हिस्सा बनाएं। साथ ही नारियल पानी को भी रोज़ाना की डाइट में शामिल करें। यह न केवल शरीर को हाइड्रेटेड रखता है, बल्कि त्वचा को मुलायम और कोमल भी बनाता है। इसके अलावा यह शरीर से विषाक्त तत्व बाहर निकालकर त्वचा को नैचुरली डिटॉक्स करने का काम करता है। तरबूज, संतरा और खरबूज़ जैसे पानी से भरपूर फलों का भी भरपूर सेवन फ़ायदेमंद रहता है।

रोज़ाना करें विटामिन सी सीरम का इस्तेमाल

कोलेजन के निर्माण के लिए शरीर को विटामिन सी की ज़रूरत पड़ती है। विटामिन सी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को नुकसान से बचाते हैं, इसलिए अपने स्किन केयर रूटीन में विटामिन सी सीरम को शामिल करना चाहिए। घर पर इसे बनाने के लिए एक कप एलोवेरा जेल में एक चम्मच नींबू का रस और आधा चम्मच विटामिन ई ऑयल अच्छी तरह मिलाएं और इस मिश्रण को एयरटाइट कंटेनर में भरकर रख लें। इस प्राकृतिक विटामिन सी सीरम का इस्तेमाल आप एक हफ्ते तक कर सकते हैं।

यूवी किरणों से रखें त्वचा का बचाव

अगर आप चाहते हैं कि आपकी त्वचा लंबे समय तक स्वस्थ बनी रहे और चेहरे पर झुर्रियों का असर न दिखे, तो सूरज की हानिकारक यूवी किरणों से बचाव बेहद ज़रूरी है। सूरज की यूवी किरणें ही कोलेजन के टूटने की एक बड़ी वजह मानी जाती हैं। इसलिए हर दिन चेहरे पर एसपीएफ 50 वाला सनस्क्रीन लगाएं। ध्यान रहे कि धूप सीधे चेहरे पर न पड़े, इसके लिए बाहर निकलते समय चश्मा और हैट ज़रूर पहनें।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!