यूपी के सीतापुर में हाईटेक चोर गिरोह बेनकाब, ऑडी कार से देते थे वारदात को अंजाम, 77 लाख का माल जब्त उत्तर प्रदेश एक घंटा पहले 3
सीतापुर पुलिस ने ऑडी जैसी लग्जरी कारों से चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को दबोचा है। आरोपियों के पास से जेवरात, हथियार और दो कारों समेत करीब 77 लाख रुपये का सामान बरामद हुआ है।

सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में पुलिस ने एक ऐसे चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसके सदस्य ऑडी जैसी महंगी लग्जरी गाड़ियों में सवार होकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। इस गिरोह से पुलिस ने करीब 77 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। मामले की परतें खुलने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई।

पूरा मामला क्या है?

सीतापुर में अटरिया पुलिस और स्वाट टीम ने मिलकर कार्रवाई करते हुए इस हाईटेक चोर गिरोह का खुलासा किया और कई चोरी की घटनाओं को सुलझाने में कामयाबी हासिल की। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के जेवरात, अवैध हथियार, नकदी और मोबाइल फोन के अलावा एक ऑडी तथा एक सियाज कार बरामद की गई है।

बरामद किए गए कुल सामान की अनुमानित कीमत करीब 77 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने क्या जानकारी दी?

एसएसपी दुर्गेश सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि अटरिया पुलिस और एसओजी टीम ने पहाड़ापुर चौराहा, रामपुर-भगौतीपुर रोड से योगेंद्र चौहान और धर्मराज यादव को पकड़ा। पूछताछ के दौरान दोनों ने अटरिया थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। योगेंद्र चौहान थाना सदरपुर का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत गंभीर अपराधों के करीब 30 मुकदमे दर्ज हैं। वह गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित भी चल रहा था।

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि करीब 15-20 दिन पहले उन्होंने ग्राम अलबदा में एक घर का ताला तोड़कर जेवरात उड़ाए थे। इसके अलावा मनवा गांव के एक घर से 15 हजार रुपये नकद और चांदी की पायल भी चुराई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी के लिए जानबूझकर महंगी लग्जरी गाड़ियों का इस्तेमाल करते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो।

बरामदगी में क्या-क्या मिला?

गिरफ्तार चोरों के पास से दो देसी तमंचे, दो जिंदा कारतूस, चार हजार रुपये नकद, एक वीवो मोबाइल और सोने-चांदी के जेवरात मिले हैं। इसके साथ ही करीब 60 लाख रुपये कीमत की ऑडी कार और फर्जी नंबर प्लेट लगी करीब 12 लाख रुपये कीमत की सियाज कार भी बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!