मध्य प्रदेश
एक घंटा पहले
3
विचारों
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को महिदपुर और डेलनपुर क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने 188.42 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सामाकोटा बैराज सहित करीब 19 करोड़ रुपये के अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने जहां क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात दी, वहीं राजनीतिक मंच से विपक्ष पर भी जोरदार प्रहार किए और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक तेज बहादुर सिंह, विधायक सतीश मालवीय और महापौर मुकेश टटवाल समेत अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हजारों किसान परिवारों को मिलेगा सिंचाई का लाभ
छोटी कालीसिंध नदी पर बने इस बैराज से क्षेत्र के 18 गांवों के 11 हजार से अधिक किसान परिवारों को सिंचाई की सुविधा प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना किसानों की आमदनी बढ़ाने और खेती को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
करीब 207 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण के साथ सामाकोटा बैराज परियोजना से नलखेड़ा, पनोडिया, नीमखेड़ा, खोरियापदमा, नागपुरा और झारड़ा सहित कई गांवों के किसानों को सीधा फायदा होगा। स्थानीय निवासियों का मानना है कि इससे क्षेत्र में कृषि उत्पादन और आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
महिदपुर में आयोजित लोकार्पण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। मंच से उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में पार्टी की कमान एक नौसिखिए के हाथ में सौंप दी गई है।
अब वो गाड़ी ठोके तो हम क्या करें, पप्पू को चलाने वाले चप्पू सब एक लाइन में।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का कांग्रेस लगातार विरोध करती रही है और इसी वजह से जनता ने उसे सत्ता से दूर रखा है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के नेतृत्व और उसकी संगठनात्मक व्यवस्था पर भी कटाक्ष किया।
चित्रकूट बनेगा धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र
इससे पहले मुख्यमंत्री डेलनपुर बालाजी धाम पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित मंदिर में ध्वज स्थापना, कलश प्रतिष्ठा और श्री राम दरबार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में हिस्सा लिया। धर्म सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम आदर्श परिवार और सुशासन के प्रतीक हैं।
उन्होंने घोषणा की कि अयोध्या की तर्ज पर चित्रकूट को भी एक भव्य धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने डेलनपुर बालाजी धाम के फर्श और बाउंड्रीवाल निर्माण की भी घोषणा की और कहा कि सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
डोंगला क्षेत्र को मिलेगी वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में महिदपुर के डोंगला क्षेत्र को वैश्विक पहचान मिलेगी और यह स्थान समय मापन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, ऊर्जा और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।
Comments
0 comment