करियर की सबसे बड़ी हिट के बाद ICU में पहुंचे थे संजय गुप्ता, 'कांटे' की कामयाबी का नहीं मना सके थे जश्न मनोरंजन एक महीने पहले 24
निर्देशक संजय गुप्ता ने बताया कि 'कांटे' की रिलीज के तुरंत बाद हुए जानलेवा हादसे की वजह से वह अपने करियर की सबसे सफल फिल्म की कामयाबी का जश्न नहीं मना पाए और पांच हफ्ते आईसीयू में बिताने पड़े।

हिंदी सिनेमा के चर्चित निर्देशकों में शुमार संजय गुप्ता ने बॉलीवुड को 'कांटे' जैसी सुपरहिट फिल्म दी है। हाल ही में उन्होंने इसी फिल्म से जुड़ा एक भावुक किस्सा साझा किया और बताया कि किस तरह वह अपने करियर की सबसे कामयाब फिल्म की खुशी नहीं मना सके, क्योंकि उस वक्त वह आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे थे। सोशल मीडिया पर उन्होंने अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर का जिक्र करते हुए कहा कि 'कांटे' की रिलीज के बाद वह हॉलीवुड जाने के सपने बुन रहे थे और इन्हीं सपनों के बीच उनकी हालत ऐसी बिगड़ी कि उन्हें आईसीयू तक पहुंचना पड़ा।

करियर की सबसे कामयाब फिल्म रही 'कांटे'

दिसंबर 2002 में पर्दे पर आई 'कांटे' संजय गुप्ता के करियर की सबसे सफल फिल्म साबित हुई थी। इसमें अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, कुमार गौरव, महेश मांजरेकर, लकी अली और मलाइका अरोड़ा जैसे कलाकार नजर आए थे। सिनेमाघरों में रिलीज होते ही फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला। मगर इससे पहले कि निर्देशक इस सफलता का जश्न मना पाते, वह अस्पताल पहुंच गए। उस भयावह दौर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि इसके बाद मिली जिंदगी को वह अपना दूसरा मौका मानकर जी रहे हैं।

रिलीज के बाद हुआ जानलेवा हादसा

संजय गुप्ता ने हाल ही में एक्स (X) पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने बताया कि 'कांटे' की रिलीज के बाद वह एक जानलेवा हादसे का शिकार हो गए थे। इस घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा- 'खुद को मरा हुआ समझो और फिर जो बचा है, उसे सही ढंग से जियो। कांटे की रिलीज के बाद ही मेरा एक्सीडेंट हो गया था। मुझे लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने शुरुआत में कहा कि 72 घंटे बहुत क्रिटिकल हैं। मगर मैं बच गया। मानो एक जिंदगी खत्म हो गई थी और उसके बाद जो मिला है, वो सब बोनस है। मैं इस जिंदगी को बोनस की तरह ही जीता हूं।'

पांच हफ्ते आईसीयू में रहे निर्देशक

'वाइल्ड फिल्म्स इंडिया' से बातचीत में संजय गुप्ता ने उस दौर को कुछ इस तरह बयां किया- 'हॉलीडे पीरियड के दौरान मेरा एक्सीडेंट हुआ और मैं लंबी छुट्टी पर चला गया। मैंने कांटे पर बहुत मेहनत की थी और रिलीज पर आफत थी। ये मेरे लिए बहुत बड़ा प्रोजेक्ट था। बहुत सी चीजें हैंडल करनी थीं। सोचा फिल्म रिलीज होने के बाद लंबी छुट्टी पर जाऊंगा। मैं हॉलीवुड जाने के सपने देख रहा था और मेरा एक्सीडेंट हो गया और फिर मैं लंबी छुट्टी पर अस्पताल चला गया। 5 हफ्ते तक मैं आईसीयू में रहा।'

आन्या कपूर पाबना के मनोरंजन रिपोर्टर हैं, जो बॉलीवुड, ओटीटी और टेलीविजन की खबरें कवर करते हैं। फिल्मों, वेब सीरीज, सेलिब्रिटी और बॉक्स ऑफिस पर उनकी पैनी नजर रहती है। वे मनोरंजन जगत की हलचल को रोचक अंदाज में दर्शकों तक लाते हैं।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप