जीवनशैली
एक घंटा पहले
2
विचारों
गर्मियों के मौसम में बच्चों को हाइड्रेटेड रखना और उन्हें फल या हरी सब्जियां खिलाना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होता। सादे कटे हुए फल देखकर अक्सर बच्चे मुंह बनाने लगते हैं और खाने से इनकार कर देते हैं। लेकिन अगर इसी फल को उनके सबसे पसंदीदा 'पिज्जा' की शक्ल दे दी जाए, तो नतीजा बिल्कुल अलग होता है।
सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही 'वॉटरमेलन पिज्जा' एक ऐसी ही मजेदार और बेहद आसान रेसिपी है। यह समर ट्रीट देखने में जितनी आकर्षक है, बनाने में उतनी ही सरल। खास बात यह है कि इसे तैयार करने के लिए न तो गैस जलानी पड़ती है और न ही ओवन की जरूरत होती है। सिर्फ 5 मिनट में बनने वाली यह नो-कुक रेसिपी बच्चों को तरबूज और हेल्दी बेरीज खिलाने का सबसे बढ़िया और अनोखा जरिया है।
वॉटरमेलन पिज्जा के लिए जरूरी सामग्री
- तरबूज: 1 पूरा (पिज्जा बेस के लिए)
- दही: 1 कप कोकोनट योगर्ट (या गाढ़ा ग्रीक योगर्ट)
- स्ट्रॉबेरी: 1/2 कप (कटी हुई)
- रास्पबेरी: 1/2 कप
- चेरी: 1/2 कप
- ब्लूबेरी: 1/2 कप
- अनार के दाने: 1/2 कप
- शहद या मेपल सिरप: स्वादानुसार (वैकल्पिक)
बनाने की आसान विधि
पिज्जा बेस तैयार करें
सबसे पहले तरबूज के एकदम बीच वाले हिस्से से करीब 2 से 3 इंच मोटी एक गोल स्लाइस यानी चक्का काट लें। यही स्लाइस आपके पिज्जा के बेस का काम करेगी।
दही की परत फैलाएं
अब एक स्पैटुला की मदद से तरबूज की इस स्लाइस पर चारों तरफ दही की एक बराबर परत लगाएं। ध्यान रखें कि किनारों पर थोड़ी जगह खाली छोड़ दें, ताकि यह बिल्कुल असली 'पिज्जा क्रस्ट' जैसा नजर आए।
टॉपिंग्स से सजाएं
इसके बाद आती है बच्चों के सबसे पसंदीदा काम की बारी। दही के ऊपर स्ट्रॉबेरी, रास्पबेरी, ब्लूबेरी, चेरी और अनार के दानों को अच्छी तरह सजा दें। चाहें तो अपनी पसंद का कोई भी दूसरा फल भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
मिठास का तड़का लगाएं
आखिर में ऊपर से थोड़ा सा शहद या मेपल सिरप ड्रिज़ल करें, ताकि इसमें एक बढ़िया मिठास घुल जाए। बस, आपका ठंडा-ठंडा वॉटरमेलन पिज्जा तैयार है। इसे पिज्जा कटर से स्लाइस में काटकर बच्चों को सर्व करें।
Comments
0 comment