जीवनशैली
एक घंटा पहले
4
विचारों
गर्मी का मौसम आते ही बाजारों में आम की भरमार हो जाती है। फलों के राजा कहे जाने वाले आम से बनी तरह-तरह की रेसिपी लोगों को खूब भाती हैं। आम का जूस, मैंगो शेक, आमरस, आइसक्रीम और कई किस्म की मिठाइयां तो लगभग हर घर में बनती हैं, लेकिन क्या कभी आपने आम का पराठा चखा है? नाम सुनने में यह जरूर थोड़ा अनोखा लगता है, मगर स्वाद के मामले में यह किसी भी पारंपरिक पराठे को टक्कर देता है।
आम की प्राकृतिक मिठास, हल्का खट्टापन और मसालों का बेहतरीन तालमेल इस पराठे को खास बनाता है। यही वजह है कि जो इसे एक बार चख लेता है, वह इसे दोबारा बनाने का मन जरूर बनाता है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी महंगी या मुश्किल से मिलने वाली चीज की जरूरत नहीं होती। रसोई में पड़े आम मसालों और पके हुए आम से ही यह आसानी से तैयार हो जाता है। गर्मियों के नाश्ते के लिए यह एक स्वादिष्ट और अलग विकल्प है, जिसे बच्चे और बड़े दोनों चाव से खाते हैं।
कम घरों में बनता है यह खास पराठा
धौलपुर की गृहिणी प्रभा शर्मा बताती हैं कि आलू, मेथी, गोभी और बथुआ के पराठे तो लगभग हर रसोई में बनते हैं, लेकिन आम का पराठा अब भी बहुत कम लोगों तक पहुंच पाया है। जबकि यह स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ पौष्टिक भी है। आम के गूदे से बनने वाला यह पराठा गर्मियों के नाश्ते के लिए शानदार विकल्प माना जाता है। इसमें मिठास और मसालों का अनोखा मेल इसे बाकी पराठों से अलग पहचान देता है।
ऐसे बनाएं आम का पराठा
सबसे पहले एक प्याज और हरी मिर्च को बारीक काट लें। इसके बाद अच्छी तरह पके हुए आम का छिलका उतारकर उसका गूदा निकाल लें और उसे मैश कर लें। अब गेहूं के आटे को छानकर उसमें लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक मिलाएं। फिर आटे को पानी की बजाय आम के रस और मैश किए गूदे की मदद से गूंथें। साथ में बारीक कटा प्याज और हरी मिर्च भी मिला दें। सारी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर सामान्य आटे की तरह मुलायम गूंथ लें। आटा तैयार हो जाने के बाद इसे करीब पांच मिनट तक ढककर रख दें, ताकि सभी स्वाद आपस में अच्छी तरह घुल-मिल जाएं।
कुछ ही मिनटों में तैयार स्वादिष्ट नाश्ता
अब आटे की लोइयां बनाकर उन्हें पराठे के आकार में बेल लें। गर्म तवे पर पराठा डालें और दोनों तरफ घी लगाकर सुनहरा होने तक सेंक लें। बस कुछ ही मिनटों में खुशबूदार और स्वादिष्ट आम का पराठा तैयार हो जाएगा। इसे दही, आम के अचार, नींबू के अचार या अपनी पसंद की किसी भी सब्जी के साथ परोसा जा सकता है। गर्मियों में यह पराठा स्वाद के साथ-साथ अच्छा पोषण भी देता है।
अगर आप रोजमर्रा के नाश्ते में कुछ नया और हटकर आजमाना चाहते हैं, तो आम का पराठा बेहतरीन रहेगा। घर आने वाले मेहमानों को भी इसका अनोखा स्वाद बहुत पसंद आता है।
Comments
0 comment