कासगंज में आंधी-तूफान का कहर, मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत उत्तर प्रदेश एक घंटा पहले 2
यूपी के कासगंज में आंधी-तूफान के दौरान मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

उत्तर प्रदेश के कासगंज में शनिवार को बारिश और तूफान ने एक परिवार पर कहर बनकर टूटा। तेज आंधी-तूफान के चलते एक मकान की छत भर-भरा कर गिर गई और देखते ही देखते बड़ा हादसा हो गया। छत के मलबे में एक ही परिवार के छह लोग दब गए, जिनमें से तीन की मौत हो गई और तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

सोते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त पूरा परिवार एक ही छत के नीचे सो रहा था। इस दर्दनाक घटना में माता, पिता और एक पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई। एक साथ एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से इलाके में कोहराम मच गया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिढपुरा में भर्ती कराया। इसके साथ ही तीनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। यह पूरा मामला थाना सिढपुरा क्षेत्र के गांव शेखूपुरा का है।

मुख्यमंत्री ने दिए मुआवजे के निर्देश

दूसरी ओर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में वर्षा, आंधी और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक हानि का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को नुकसान का आंकलन कर 24 घंटे के भीतर मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड पर निकलकर प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अधिकारी प्रभावित परिवारों से संवाद बनाकर उन्हें हरसंभव मदद पहुंचाएं।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!