इंस्टाग्राम पर प्यार का जाल, नाबालिग से ऐंठे 10 लाख और जेवर, फिर तीन पत्ती सट्टे में हारा सब कुछ मध्य प्रदेश एक घंटा पहले 3
मध्य प्रदेश के देवास में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती ठगी में बदल गई। आरोपी ने शादी का झांसा देकर नाबालिग से करीब 10 लाख रुपये और सोने-चांदी के गहने ले लिए और सारी रकम ऑनलाइन सट्टेबाजी में उड़ा दी। पुलिस ने आरोपी और उसकी बहन को गिरफ्तार किया है।

सोशल मीडिया के जरिए ठगी के मामले लगातार सामने आते रहते हैं, लेकिन मध्य प्रदेश के देवास से जुड़ा यह मामला हैरान करने वाला है। औद्योगिक थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक दोस्ती बड़ी धोखाधड़ी में तब्दील हो गई। आरोपी ने एक नाबालिग लड़की को पहले प्यार के जाल में फंसाया, फिर शादी का झांसा देकर उससे 10 लाख रुपये और जेवर ऐंठ लिए। लड़की ने यह पूरी रकम ऑनलाइन ट्रांसफर की थी। जब घर में साथ रहने वाले उसके दादा-दादी को इसकी भनक लगी तो वे थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

क्या है पूरा मामला

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक आशीष उर्फ जैकब डामोर और उसकी सहयोगी बहन क्रिस्टीना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग से संपर्क किया और शादी का झांसा देकर उसका विश्वास जीत लिया। इसके बाद रुपये दोगुना कर लौटाने का लालच देकर उसने दादा-दादी के बैंक खातों से करीब 8 से 9 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी उसने लड़की से ले लिए और फिर संपर्क तोड़ दिया। यह सारी रकम धीरे-धीरे कर डेढ़ साल के दौरान ली गई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि ठगी से मिली संपत्ति का कुछ हिस्सा उसने अपनी बहन को भी दिया था, जिसके चलते उसे भी सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारी ने क्या बताया

पुलिस अधिकारी शशिकांत चौरसिया ने पूरे मामले की जानकारी विस्तार से साझा की। उन्होंने बताया, 'एक नाबालिग किशोरी की दादी ने थाने आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि आयुष उर्फ जैकब डामोर नामक शख्स ने उनकी पोती को बहला-फुसलाकर दादा-दादी के खाते से 8-9 लाख रुपये धीरे-धीरे कर डेढ़ साल में यूपीआई के जरिए ट्रांसफर करा लिए। जब खाते में पैसा खत्म हो गया तो उसने सोने-चांदी के आभूषण ले लिए। केस दर्ज कर जांच की गई तो मामला सही पाया गया। युवक को बुलाकर पूछताछ की गई तो उसने भी कबूल किया कि उसने लड़की को प्रेम जाल में फंसाया, उसे घुमाने इंदौर ले गया और फिर पैसे ट्रांसफर करा लिए। यह सारा पैसा वह ऑनलाइन सट्टेबाजी के खेल तीन पत्ती में हार गया।'

बहन भी निकली शामिल

अधिकारी ने आगे बताया, 'सोने-चांदी के आभूषण उसने अपनी बहन को दे दिए थे और बहन भी इसमें शामिल पाई गई। आरोपी उज्जैन का रहने वाला है और देवास के ही एक इलाके में रह रहा था। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और गहनों की रिकवरी भी हो चुकी है। सट्टेबाजी में पैसे हारने की बात को सत्यापित किया जा रहा है। अभी तक आरोपी के खिलाफ कोई पुराना रिकॉर्ड नहीं मिला है और मामले की जांच जारी है।' इसके साथ ही पुलिस अधिकारी ने अभिभावकों को सतर्क रहने और बच्चों के सोशल मीडिया पर नजर रखने की सलाह दी।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!