मध्य प्रदेश
एक घंटा पहले
1
विचारों
इंदौर में लोकायुक्त पुलिस ने महिला एवं बाल विकास विभाग के डिप्टी डायरेक्टर लक्ष्मी नारायण कंडवाल के ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उनके पास अपनी आय से 241 प्रतिशत अधिक संपत्ति है। लोकायुक्त की टीमें उनके आवास समेत कई परिसरों में दस्तावेजों की पड़ताल कर रही हैं और माना जा रहा है कि करोड़ों रुपए की संपत्ति से जुड़े अहम सबूत हाथ लग सकते हैं।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला
लोकायुक्त को कंडवाल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। जांच में पता चला कि करीब 30 साल की सेवा अवधि में उनकी वैध आय लगभग 2.5 करोड़ रुपए रही, जबकि अब तक करीब 9.5 करोड़ रुपए की संपत्ति का सत्यापन हो चुका है। इसी आधार पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर छापेमारी की गई।
वे वर्ष 1996 में सरकारी सेवा में आए थे और तब से लेकर अब तक करीब 30 साल नौकरी में बिता चुके हैं। अधिकारियों ने एक-एक दस्तावेज को बारीकी से जांचा और खंगाला।
बहुमंजिला इमारत और कीमती जमीनें
जांच में सामने आया कि इंदौर की स्कीम नंबर 103 में बहुमंजिला व्यावसायिक भवन, स्कीम 140 में प्लॉट और पीथमपुर क्षेत्र समेत कई स्थानों पर कीमती जमीनें मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि कंडवाल की बहुमंजिला इमारत में सबसे निचले तल पर ग्रोसरी स्टोर संचालित होता था, उसके ऊपर की दो मंजिलों में जिम चलता था, जबकि सबसे ऊपरी मंजिल पर वे अपने परिवार के साथ खुद रहते थे।
अब तक 14 प्रॉपर्टी के कागजात मिल चुके हैं और एक बैंक लॉकर की जानकारी भी सामने आई है। फिलहाल लोकायुक्त की कार्रवाई जारी है।
क्या बोले लोकायुक्त निरीक्षक
लोकायुक्त निरीक्षक आशुतोष मिठास ने बताया कि इस छापेमारी में अब तक 241 प्रतिशत अनुपातहीन संपत्ति मिली है और सुबह 6 बजे से टीम कार्रवाई में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग के डिप्टी डायरेक्टर के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद सर्च वारंट जारी कराकर छापा मारा गया।
उन्होंने बताया कि संपत्ति की कुल कीमत 9.5 करोड़ रुपए आंकी गई है और 13 से 14 प्रॉपर्टी सामने आई हैं, जबकि उनका वेतन 2.5 करोड़ रुपए रहा है। मिठास के अनुसार कंडवाल झाबुआ, नीमच, उज्जैन, शहडोल, रतलाम और रीवा में पदस्थ रह चुके हैं और इस समय इंदौर में संयुक्त संचालक पद पर तैनात हैं। छापे के दौरान वे स्वयं घर पर मौजूद थे और कार्रवाई अब भी जारी है।
Comments
0 comment