जीवनशैली
एक घंटा पहले
2
विचारों
आजकल फिट दिखने की चाहत में लोग तरह-तरह के तरीके आजमा रहे हैं। कोई कड़ी डाइटिंग कर रहा है तो कोई फास्टिंग, वहीं कुछ लोग डिटॉक्स टी, सख्त डाइट और दवाओं का सहारा ले रहे हैं। एक्ट्रेस मौनी रॉय अपनी फिटनेस को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। उनके जैसा फिगर पाने के लिए कई लोग न जाने क्या-क्या करते हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि खुद मौनी इसके लिए कोई अलग से खास मेहनत नहीं करतीं। एक्ट्रेस का कहना है कि वे तमाम तरह के डाइट प्लान से दूरी बनाकर रखती हैं और घर का बना खाना ही पसंद करती हैं। उनके मुताबिक भरपूर पानी पीना और देसी भोजन ही उनकी सुंदरता और फिटनेस का असली राज है।
ब्यूटी एंड बियॉन्ड के साथ हुई बातचीत में मौनी रॉय ने अपनी डाइट और फिटनेस पर खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने पोषण, त्वचा की देखभाल, आत्मविश्वास और खूबसूरती से जुड़े पहलुओं को साझा किया और बताया कि वे खुद को इतना फिट कैसे रखती हैं।
फैंसी डाइट से दूर रहती हैं मौनी
मौनी रॉय का कहना है कि जहां कई मशहूर सेलेब्स हार्डकोर डाइट प्लान अपनाते हैं और कठिन न्यूट्रिशन नियमों का पालन करते हैं, वहीं उन्हें बेहद साधारण खाना ही भाता है। उनके शब्दों में, 'मैं दिखावटी डाइट में विश्वास नहीं करती। मैं पौष्टिक, घर के बने भोजन में विश्वास करती हूं।' मुश्किल और तरह-तरह के व्यंजनों के बजाय वे रोजमर्रा के खाने से ही पोषण लेने पर जोर देती हैं। उनका मानना है कि शरीर के लिए जरूरी सभी पोषक तत्व सामान्य भोजन से ही मिल जाते हैं—चावल और दाल से कार्बोहाइड्रेट, अंडे से प्रोटीन और साग से आयरन। यही वजह है कि वे पौष्टिक भोजन को तरजीह देती हैं। मौनी के लिए हेल्दी खाने का मतलब किसी चीज से वंचित रहना नहीं, बल्कि संतुलित आहार बनाए रखना है।
बंगाली खानपान है खूबसूरती का राज
जब मौनी से उनकी सुंदरता के राज के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इसका श्रेय अपने माता-पिता और बंगाली जड़ों को दिया। उन्होंने कहा, 'सबसे पहले तो, मैं बंगाली हूं। मेरे माता-पिता और उनके माता-पिता बहुत मछली खाते थे। यह उसी का नतीजा है।' मछली लंबे समय से बंगाली व्यंजनों का अहम हिस्सा रही है। इससे शरीर को प्रोटीन, ओमेगा-3 फैटी एसिड और कई जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं, जो बालों और त्वचा को कहीं ज्यादा स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं।
त्वचा को रखती हैं हाइड्रेटेड
अपनी खूबसूरती के लिए मौनी रॉय किसी जादुई फॉर्मूले पर भरोसा नहीं करतीं, बल्कि बुनियादी बातों को ही अहमियत देती हैं। वे हाइड्रेशन और सामान्य मॉइस्चराइजिंग पर खास ध्यान देती हैं। खानपान के साथ-साथ अपनी सुंदरता को बनाए रखने के लिए एक्ट्रेस मल्टी विटामिन सप्लीमेंट्स भी लेती हैं।
सुंदरता और आत्मविश्वास एक-दूसरे के पूरक
बातचीत का सबसे दिलचस्प पल तब आया, जब मौनी से पूछा गया कि उनके लिए खूबसूरती और आत्मविश्वास में से क्या ज्यादा मायने रखता है। किसी एक को चुनने के बजाय उन्होंने कहा कि ये दोनों अक्सर एक-दूसरे को प्रभावित करते हैं और साथ-साथ चलते हैं। उन्होंने माना कि हर इंसान के जीवन में ऐसे दिन आते हैं जब वह अच्छा महसूस नहीं करता। कभी आप खुद को खूबसूरत और ज्यादा आत्मविश्वासी महसूस करते हैं, तो कभी जब बाल या त्वचा ठीक नहीं दिखती, तो वैसा महसूस नहीं होता।
Comments
0 comment