जीवनशैली
2 घंटे पहले
4
विचारों
अच्छी सेहत बनाए रखने के लिए फलों को रोजमर्रा की डाइट का अहम हिस्सा माना जाता है। फलों में विटामिन, मिनरल्स, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं, जो शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचाते हैं। हालांकि सिर्फ फल खा लेना ही काफी नहीं है, उन्हें सही समय पर खाना भी उतना ही मायने रखता है।
कई लोग सुबह उठते ही खाली पेट फल खाने की आदत रखते हैं। कुछ फल इस समय खाने पर पाचन को दुरुस्त करते हैं और शरीर को ऊर्जा देते हैं, जबकि कुछ फल गैस, एसिडिटी या पेट की दिक्कत को बढ़ा सकते हैं। इसलिए यह जानना जरूरी है कि सुबह खाली पेट कौन से फल खाए जा सकते हैं और किनसे परहेज करना चाहिए।
खाली पेट इन फलों का सेवन फायदेमंद
गाजियाबाद की डाइटिशियन रंजना सिंह के मुताबिक, पपीता सुबह खाली पेट खाने के लिए सबसे बेहतरीन फलों में गिना जाता है। इसमें पपेन नामक एंजाइम होता है, जो पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसके साथ ही पपीता फाइबर और विटामिन C से भरपूर होता है, जिससे पेट लंबे समय तक हल्का और स्वस्थ बना रहता है।
एक्सपर्ट के अनुसार सेब में घुलनशील फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। सुबह खाली पेट सेब खाने से पेट भरा हुआ महसूस होता है, जिससे दिनभर अनहेल्दी स्नैक्स खाने की इच्छा घट सकती है। यह पाचन तंत्र के लिए भी लाभदायक माना जाता है।
गर्मियों के मौसम में तरबूज भी खाली पेट खाने का अच्छा विकल्प है। इसमें पानी की मात्रा बहुत अधिक होने से शरीर को हाइड्रेशन मिलता है और इसे हल्का व आसानी से पचने वाला फल माना जाता है। वहीं नाशपाती में फाइबर की अच्छी मात्रा होती है, जो पाचन सुधारने और पेट को देर तक भरा रखने में मदद कर सकती है। सुबह के समय इसका सेवन कई लोगों के लिए लाभकारी हो सकता है।
अगर एसिडिटी की समस्या नहीं है, तो विटामिन C से भरपूर संतरा और मौसमी जैसे फल भी सुबह खाए जा सकते हैं। ये इम्यूनिटी को मजबूत करने में मददगार साबित होते हैं।
इन फलों से खाली पेट करें परहेज
नींबू, ग्रेपफ्रूट और कुछ अन्य अत्यधिक खट्टे फल संवेदनशील पेट वाले लोगों में एसिडिटी या पेट की जलन को बढ़ा सकते हैं। जिन लोगों को गैस्ट्रिक से जुड़ी दिक्कतें रहती हैं, उन्हें खाली पेट इनका सेवन करने से पहले सतर्क रहना चाहिए।
अनानास में प्राकृतिक एसिड और एंजाइम मौजूद होते हैं। कुछ लोगों में खाली पेट इसका सेवन पेट में असहजता या जलन की वजह बन सकता है, इसलिए इसे खाने के साथ या बाद में लेना बेहतर माना जाता है। अमरूद पोषक तत्वों से भरपूर होता है, लेकिन कुछ लोगों में खाली पेट इसे खाने से गैस या पेट फूलने की शिकायत हो सकती है।
केला ऊर्जा का अच्छा स्रोत है, मगर खाली पेट बहुत अधिक केले खाने से कुछ लोगों को भारीपन महसूस हो सकता है। इसलिए इसे संतुलित मात्रा में ही खाना चाहिए।
इन बातों का रखें ध्यान
फल हमेशा ताजे और अच्छी तरह धोकर ही खाने चाहिए। अगर किसी को डायबिटीज, एसिडिटी या कोई अन्य स्वास्थ्य समस्या है, तो फल चुनते समय डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह लेना बेहतर रहता है।
हर व्यक्ति का पाचन तंत्र अलग होता है। जो फल एक व्यक्ति को सूट करता है, जरूरी नहीं कि वह दूसरे के लिए भी उतना ही फायदेमंद हो। इसलिए अपने शरीर की जरूरत के अनुसार खानपान में बदलाव करना सबसे सही तरीका है।
Comments
0 comment