जीवनशैली
एक घंटा पहले
3
विचारों
घर-परिवार में दादी-नानी के बताए कई देसी नुस्खे आज भी कारगर साबित होते हैं। रांची में स्थानीय बुजुर्ग महिलाएं चोट या मोच के दर्द में अक्सर चूना और हल्दी का लेप लगाने की सलाह देती हैं। शरीर के जिस हिस्से में तेज दर्द हो, खासकर किसी दुर्घटना या चोट लगने के बाद किसी एक जगह बहुत दर्द हो, वहां यह लेप लगाना फायदेमंद माना जाता है। यह दर्द निवारक की तरह काम करता है और 24 घंटे के भीतर आराम पहुंचाता है।
हल्दी और चूना क्यों हैं असरदार
रांची के आयुर्वेदिक डॉक्टर वीके पांडे बताते हैं कि हल्दी में एंटीबैक्टीरियल और एंटी इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो प्राकृतिक रूप से दर्द को कम करने में काफी मददगार हैं। जब इसमें चूना मिलाया जाता है तो उसमें भी एंटी इन्फ्लेमेटरी गुण होने के कारण सूजन और दर्द में कमी आती है। उनके अनुसार जब ये दोनों चीजें आपस में मिलती हैं तो एक बेहद शक्तिशाली मिश्रण बन जाता है, जिसे लगाने से अच्छा लाभ मिलता है।
लेप बनाने का तरीका
डॉ. वीके पांडे के मुताबिक थोड़ा-सा चूना और थोड़ी-सी हल्दी लें, फिर दोनों में थोड़ा पानी मिलाकर एक हल्का पतला पेस्ट तैयार कर लें। कई बार दर्द की वजह से शरीर पर हरे निशान पड़ जाते हैं, यानी अंदर खून जम जाता है। ऐसी स्थिति में यह लेप खास तौर पर असरदार साबित होता है।
कैसे और कितनी देर लगाएं
जहां दर्द हो, वहां इस लेप को हल्के हाथों से लगाएं। इसके बाद उस हिस्से को ढककर छोड़ देना है। यानी अगर आपने पैर पर यह लेप लगाया है तो किसी कपड़े की मदद से उस जगह को ढक लें और रातभर यानी पूरे 24 घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें।
यह लेप एक-दो घंटे में असर नहीं दिखाता, इसलिए इसे 24 घंटे तक लगाकर रखना जरूरी है। इसके बाद आप पाएंगे कि एक ओर आपका दर्द प्राकृतिक रूप से कम हो जाएगा और दूसरी ओर खून के थक्के से बना हरा निशान भी धीरे-धीरे गायब होने लगेगा।
हर उम्र के लोग कर सकते हैं इस्तेमाल
डॉक्टर का कहना है कि इस नुस्खे की अच्छी बात यह है कि इसे हर वर्ग के लोग अपना सकते हैं। बच्चे से लेकर बुजुर्ग और जवान तक, किसी को भी कहीं दर्द हो तो वे आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकते हैं और इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं होता।
हालांकि उन्होंने सावधानी भी बताई कि अगर किसी को चूने से एलर्जी है तो पहले शरीर के किसी हिस्से पर थोड़ा चूना लगाकर देख लें। अगर वहां खुजली होती है तो इस लेप का इस्तेमाल न करें।
Comments
0 comment