करियर
एक घंटा पहले
2
विचारों
पढ़ाई के दौरान सही दिशा न मिलने की उलझन को कई छात्र महसूस करते हैं। इसी परेशानी को दूर करने के लिए बिहार के नालंदा जिले के बढ़ौना गांव की रहने वाली अनुष्का शर्मा ने एक खास पहल की है। उन्होंने ऐसा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जो प्रदेश के लाखों छात्र-छात्राओं को छठी कक्षा से 12वीं तक की परीक्षा की तैयारी में मदद करेगा। इसके साथ ही एक अलग टूल के जरिए विद्यार्थियों को करियर से जुड़ा मार्गदर्शन भी मिलेगा।
खुद की उलझन से मिली प्रेरणा
अनुष्का शर्मा नवादा के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज में कंप्यूटर साइंस ब्रांच से दूसरे वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं। उनकी शुरुआती शिक्षा गांव के ही विद्यालय में हुई और दसवीं तथा बारहवीं की परीक्षा के समय उन्हें भी सही गाइडलाइन नहीं मिल पाई थी। यही अनुभव उनके लिए प्रेरणा बना। उन्होंने ठान लिया कि वे खुद तो उलझन में फंसीं, लेकिन आगे बच्चों को परीक्षा में इस तरह नहीं फंसने देंगी।
दूसरे वर्ष में पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने स्टार्टअप के तहत यह काम शुरू कर दिया। इंजीनियरिंग के क्षेत्र में आने के बाद उन्होंने अपने सीनियर्स और फैकल्टी की मदद से इस प्रोजेक्ट को आकार दिया।
तैयार किए दो अलग-अलग टूल
अनुष्का ने सिर्फ परीक्षा की तैयारी तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि करियर चुनने में मदद करने वाला एक टूल भी बनाया, जिसकी मदद से बच्चे आसानी से अपने लिए सही करियर की तलाश कर सकते हैं। उन्होंने इसे इनफिनिटी कैरियर (infinity career) नाम दिया है, जिसे स्मार्टफोन, लैपटॉप और डेस्कटॉप किसी पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
लोकल 18 से बातचीत में अनुष्का ने बताया कि यह एक तरह की वेबसाइट है, जिसे मोबाइल या लैपटॉप पर सीधे गूगल के जरिए चलाया जा सकता है। इसमें दो तरह से काम होगा — एक हिस्सा परीक्षा से जुड़ा है, जबकि दूसरा करियर गाइड के रूप में काम करेगा।
परीक्षा में बेहतर स्कोर की तैयारी
इस नाम की वेबसाइट गूगल पर खोलने पर एक विंडो खुलेगी, जहां कई जानकारियां देखने को मिलेंगी। वेबसाइट पर छठी से बारहवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए 60 से अधिक विषय उपलब्ध हैं और इनमें 400 से ज्यादा चैप्टर मौजूद हैं। यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त है।
इसका उपयोग करने के लिए विद्यार्थी को बस अपना नाम दर्ज करना होगा और अपनी कक्षा अंकित करनी होगी। इसके बाद वे सीधे परीक्षा से जुड़ी तैयारी शुरू कर सकते हैं। इसमें 5 साल पुराने प्रीवियस इयर्स के सवाल भी उपलब्ध हैं। अगर किसी सवाल में दिक्कत आती है, तो उसका हल भी यहीं मिल जाएगा।
करियर चुनने में भी मिलेगी मदद
एक और टूल के माध्यम से करियर से जुड़े काम होंगे। 12वीं के बाद जिन विद्यार्थियों को यह समझ नहीं आता कि आगे कौन सा रास्ता चुनें, उन्हें इस प्लेटफॉर्म से सहायता मिलेगी। इसके लिए 2 घंटे का एक टेस्ट देना होगा, जिसके बाद रिजल्ट आएगा। फिर AI की मदद से विद्यार्थी को उसके अनुरूप सही करियर मार्गदर्शन मिलेगा।
Comments
0 comment