स्वास्थ्य
एक घंटा पहले
4
विचारों
शरीर का वजन बढ़ने के साथ मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ने लगता है और कई बार बढ़े हुए वजन की वजह से ब्लड शुगर का स्तर भी ऊपर चला जाता है। ऐसे में अगर आपका वजन बढ़ रहा है तो उसे काबू में रखने के लिए अपनी डाइट में जीरा, मेथी दाना, नींबू और चिया सीड्स से तैयार होने वाली कुछ ड्रिंक्स जरूर शामिल करें। ये ड्रिंक्स न सिर्फ मेटाबॉलिज्म को रफ्तार देती हैं, बल्कि शुगर को भी नियंत्रित करती हैं और पाचन तंत्र को भी दुरुस्त रखती हैं। खास बात यह है कि इन्हें बनाना बेहद आसान है। आइए जानते हैं इन्हें तैयार करने का तरीका।
इन ड्रिंक्स को बनाएं अपनी दिनचर्या का हिस्सा
मेथी का पानी: मेथी दाना का पानी ब्लड शुगर को नियंत्रित करने के साथ-साथ मेटाबॉलिज्म को भी तेज करता है। जब मेटाबॉलिज्म तेज होता है तो वजन घटाना आसान हो जाता है। इसमें मौजूद घुलनशील फाइबर पाचन की गति को धीमा करता है, जिससे ब्लड शुगर अचानक नहीं बढ़ता। रात को एक चम्मच मेथी दाना एक गिलास पानी में भिगोकर रख दें और सुबह इस पानी को उबालकर पी लें।
जीरा-दालचीनी का पानी: एक गिलास पानी में एक चम्मच जीरा और दालचीनी के 2 टुकड़े डाल दें। सात से आठ घंटे बाद इस पानी को गर्म करें और फिर छान लें। यह पानी वजन घटाने के साथ शुगर स्पाइक को रोकता है और पाचन को भी बेहतर बनाता है।
चिया और नींबू का पानी: यह एक बेहतरीन डिटॉक्स ड्रिंक है। एक चम्मच चिया सीड्स लेकर एक कप पानी में रातभर भिगोकर रख दें। सुबह खाली पेट इन भीगे हुए चिया सीड्स को एक गिलास में डालें और उसमें एक चम्मच नींबू का रस मिला लें। चिया सीड्स में मौजूद फाइबर पेट भरा होने का अहसास कराता है, जिससे आप ज्यादा खाने से बचते हैं। मेटाबॉलिज्म बढ़ाने के लिहाज से यह सबसे असरदार ड्रिंक्स में से एक मानी जाती है।
सौंफ का पानी: सौंफ का पानी मेटाबॉलिज्म को तेजी से बढ़ाने में मददगार है। इसके अलावा अगर किसी को कब्ज या पेट फूलने की शिकायत है तो यह उसमें भी राहत देता है। एक गिलास पानी में एक चम्मच सौंफ भिगोकर रख दें और अगली सुबह पानी को हल्का गुनगुना कर लें। इसमें नींबू का रस मिलाकर पी जाएं।
इन बातों का रखें खास ख्याल
इन ड्रिंक्स को आप खाली पेट के अलावा रात में सोने से पहले भी पी सकते हैं। हालांकि सिर्फ इन ड्रिंक्स को पीने भर से वजन कम नहीं होगा। इनके साथ-साथ संतुलित डाइट भी जरूर अपनाएं और रोजाना वर्कआउट करें। ऐसा करने से न सिर्फ वजन घटेगा, बल्कि ब्लड शुगर भी नियंत्रण में रहेगा।
Comments
0 comment