पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर सीएम रेखा गुप्ता का मीडिया संवाद, कहा- 'विकास यात्रा को मिली नई रफ्तार' दिल्ली 2 घंटे पहले 3
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में मीडिया संवाद किया और केंद्र सरकार की योजनाओं तथा दिल्ली को मिले सहयोग की सराहना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में मीडिया संवाद किया। इस दौरान एक्स पर साझा एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, "पीएम मोदी का नेतृत्व करोड़ों भारतीयों के लिए विश्वास का आधार बना है। गरीब को सम्मान, युवाओं को अवसर, महिलाओं को सामर्थ्य, किसानों को संबल और मध्यम वर्ग को नई आशा देने वाली नीतियों ने जनकल्याण को शासन का केंद्र बनाया है। वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा ने प्रत्येक भारतीय का मस्तक गर्व से ऊंचा किया है।"

'दुनिया को दिशा देने वाला राष्ट्र बना भारत'

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मीडिया संवाद में कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 12 वर्षों में विकास, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि मेट्रो विस्तार, डिजिटल इंडिया, उड़ान योजना, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने देश की विकास यात्रा को नई गति प्रदान की है। उनके अनुसार आज भारत केवल वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाला देश नहीं रह गया है, बल्कि दुनिया को दिशा दिखाने वाला तथा नवाचार और समाधान देने वाला एक सशक्त राष्ट्र बनकर उभरा है।

'तैयार किया विकास का मजबूत आधार'

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याण और सामाजिक सशक्तिकरण को नई रफ्तार मिली है। उन्होंने बताया कि करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने के साथ-साथ मुफ्त राशन, जन धन खातों, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना और आवास योजनाओं के जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाया गया है। रेखा गुप्ता ने कहा कि महिलाओं, किसानों, युवाओं और छोटे उद्यमियों को सशक्त बनाने वाली योजनाओं ने देश में समावेशी विकास की मजबूत नींव रखी है।

'दिल्ली को मिला अभूतपूर्व सहयोग'

प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान दिल्ली को बुनियादी ढांचे, परिवहन, स्वच्छता और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व सहयोग प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि अमृत 2.0, स्वच्छ भारत मिशन, मेट्रो विस्तार, एक्सप्रेसवे परियोजनाओं और नमो भारत कॉरिडोर जैसी योजनाओं ने राजधानी के विकास को नई गति दी है। केंद्र सरकार द्वारा प्रदूषण नियंत्रण, सार्वजनिक परिवहन और विश्वस्तरीय अवसंरचना के लिए दिए गए सहयोग की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली की वैश्विक पहचान और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

'लाखों नागरिकों को योजनाओं का मिला प्रत्यक्ष लाभ'

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा फायदा राजधानी के लाखों नागरिकों को मिला है। उन्होंने बताया कि उज्ज्वला, स्वनिधि, आयुष्मान भारत, पीएम-उदय और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना जैसी पहलों ने गरीबों, स्ट्रीट वेंडर्स, युवाओं और अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और नए आरोग्य मंदिरों तथा आधुनिक चिकित्सा अवसंरचना का विकास तेजी से हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्षों ने यह साबित किया है कि स्पष्ट नेतृत्व और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता से विकास के बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!