पीसीओडी की वजह से झड़ चुके बाल क्या दोबारा उग सकते हैं? जानिए विशेषज्ञ की राय जीवनशैली एक घंटा पहले 2
पीसीओडी में बढ़े हुए एंड्रोजन हार्मोन के कारण बाल झड़ने लगते हैं, लेकिन समय रहते हार्मोन संतुलित कर लेने पर बालों की ग्रोथ में सुधार संभव है। जानिए विशेषज्ञ इस बारे में क्या सलाह देते हैं।

बीते कुछ समय में महिलाओं के बीच पीसीओडी की समस्या बहुत तेजी से फैल रही है। इस स्थिति का असर सिर्फ पीरियड साइकिल और प्रजनन क्षमता तक सीमित नहीं रहता, बल्कि त्वचा और बालों पर भी गहरा प्रभाव छोड़ता है। एक ओर चेहरे पर मुहांसे उभरने लगते हैं और शरीर पर कड़े बाल आने लगते हैं, तो दूसरी ओर सिर के बाल झड़ने की शिकायत बढ़ जाती है। अगर पीसीओडी के चलते आपके बाल भी तेजी से गिर रहे हैं, तो आइए विशेषज्ञ से समझते हैं कि आखिर ऐसा होता क्यों है और क्या ये बाल दोबारा उग सकते हैं।

पीसीओडी में बाल झड़ने की असली वजह

पीसीओडी होने पर महिलाओं के शरीर में पुरुषों में पाए जाने वाले एंड्रोजन हार्मोन का स्तर तेजी से बढ़ने लगता है। शरीर में एंड्रोजन की मात्रा अधिक हो जाने से हेयर फॉलिकल्स कमजोर पड़ जाते हैं और इसी वजह से बाल गिरने लगते हैं। कई महिलाओं में सिर के ऊपरी हिस्से के बाल पतले होने लगते हैं, जबकि कुछ मामलों में बालों की डेंसिटी भी घट जाती है। हालांकि इसका यह अर्थ कतई नहीं है कि झड़े हुए बाल हमेशा के लिए खत्म हो जाते हैं।

हार्मोन संतुलित होने पर सुधरती है बालों की ग्रोथ

अगर समय रहते हार्मोनल असंतुलन को ठीक कर लिया जाए, तो बालों का झड़ना रोका जा सकता है। हार्मोन के संतुलित होते ही पीसीओडी अपने आप नियंत्रण में आने लगता है, जिससे बालों की ग्रोथ में सुधार दिखाई देने लगता है। बालों को जड़ से मजबूत बनाने के लिए अच्छी डाइट के साथ-साथ हेल्दी जीवनशैली अपनाना जरूरी है। इसके अलावा तनाव भी पीसीओडी के लक्षणों को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। लगातार बना रहने वाला तनाव हार्मोनल असंतुलन को और गहरा कर सकता है, जिससे बाल झड़ने की दिक्कत गंभीर रूप ले सकती है, इसलिए स्ट्रेस से दूरी बनाए रखें।

स्वस्थ बालों के लिए जरूरी पोषक तत्व

पीसीओडी से जुड़े बालों के झड़ने को थामने के लिए डॉक्टर हार्मोन को संतुलित करने वाली दवाओं के साथ-साथ प्रोटीन, आयरन, जिंक, विटामिन डी और बायोटिन जैसे पोषक तत्वों से भरपूर आहार लेने की भी सलाह देते हैं। ये पोषक तत्व बालों की सेहत को बेहतर बनाने में मददगार साबित होते हैं।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!