जीतू पटवारी पर सीएम के 'दो कौड़ी' वाले बयान से सुलगी सियासत, कांग्रेस का पलटवार मध्य प्रदेश 8 घंटे पहले 2
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव के 'दो कौड़ी' वाले बयान पर मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने इसे अमर्यादित बताया तो भाजपा ने पटवारी को निशाने पर लिया।

मध्य प्रदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव के 'दो कौड़ी' वाले बयान के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं। जहां कांग्रेस ने मुख्यमंत्री की भाषा को अमर्यादित और आपत्तिजनक करार दिया, वहीं भाजपा नेताओं ने पटवारी को जमकर घेरा।

कार्यकर्ता संवाद में अजय सिंह का सरकार पर हमला

संगठन को मजबूती देने और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने के मकसद से आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अजय सिंह 'राहुल भैया' शामिल हुए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने साल 2028 के विधानसभा चुनाव को प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का आखिरी अवसर बताया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें, जनता के बीच लगातार सक्रिय रहें और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर भी जोरदार निशाना साधा।

मुख्यमंत्री की भाषा पर अजय सिंह का तंज

मुख्यमंत्री मोहन यादव के जीतू पटवारी को लेकर दिए हालिया बयान पर अजय सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुखिया को मर्यादित और संतुलित भाषा का ही प्रयोग करना चाहिए।

जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल मुख्यमंत्री ने किया, उससे ऐसा नहीं लगता कि वे महाकाल की नगरी से आते हैं। किसी भी व्यक्ति, खासकर राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग उचित नहीं है।

पोस्टर पर भाजपा का हमला

भोपाल में जीतू पटवारी को लेकर लगाए गए पोस्टरों पर भी सियासत शुरू हो गई है। इस पर भाजपा प्रवक्ता अहलूवालिया ने तंज कसते हुए कहा कि पटवारी को कितने नाम दिए जाएं — हारे हुए पटवारी, पंचमुखी सिर वाले सांप वाले जीतू पटवारी। उन्होंने दावा किया कि असल में ये वही पटवारी हैं जिन्होंने कांग्रेस का सूपड़ा साफ करवाया है।

अहलूवालिया ने कहा कि इंदौर में भी उन्होंने जिस तरह हमला बोलते हुए बयान दिया, उससे साफ है कि जब वे अपने ही वरिष्ठ नेतृत्व को नहीं बख्शते तो जनता का साथ कैसे देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी मातृशक्ति के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है तो कभी नन्ही बच्चियों की पहचान उजागर कर दी जाती है, और टीआरपी बढ़ाने के लिए वीडियो तक वायरल किया गया।

उन्होंने कहा कि पटवारी के बयान इतने घिनौने होते हैं कि उन्हें दोहराने में भी शर्म आती है। उन्होंने जोड़ा कि कांग्रेस का ऐसा अध्यक्ष, जिसके नेतृत्व में मध्य प्रदेश कांग्रेस बदहाल स्थिति में है।

कांग्रेस का जवाबी हमला

कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि जीतू पटवारी के लिए अनुचित भाषा का इस्तेमाल पहले मुख्यमंत्री करते हैं और अब छुटभैया नेता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी तो किसान का बेटा ही रहेगा।

राहुल राज ने सवाल उठाया कि जब लोग कफ सिरप से मर रहे हैं, पानी पीकर और पानी में डूबकर मर रहे हैं, बच्चियों का शोषण होता है और पुलिस पर गोली चलाई जाती है, तब ये नेता क्यों नहीं बोलते। उन्होंने कहा कि इनकी जुबान तब खुलती है जब प्रहलाद पटेल जनता को भिखारी कहते हैं, कैलाश विजयवर्गीय 'घंटा' शब्द का प्रयोग करते हैं या कर्नल सोफिया को लेकर मंत्री उन्हें आतंकियों की बहन बताते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि रायसेन में पानी मांगने गई बच्चियां डूबकर मर गईं, इसकी चिंता अंशुल तिवारी को नहीं है, चिंता बस इस बात की है कि जीतू पटवारी की छवि का हनन कैसे किया जाए। राहुल राज ने कहा कि 2028 में कांग्रेस की सरकार बनेगी, तब पोस्टर लगाए जाएंगे।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!