बिहार: तेज रफ्तार कार ट्रक में जा घुसी, तीन थानेदार समेत चार की मौत, टक्कर के बाद भड़की आग बिहार एक महीने पहले 20
बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में एनएच 31 के पास एक कार ट्रक से टकरा गई, जिसमें मधेपुरा के तीन थाना प्रभारी और चालक समेत चार लोगों की जान चली गई। प्रशिक्षण लेकर लौट रहे पुलिसकर्मियों की मौत से महकमे में शोक की लहर है।

बिहार के बेगूसराय में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ट्रक में जा घुसी, जिसमें कार में सवार सभी चार लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन थाना प्रभारी और एक वाहन चालक की जान चली गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार और सदर डीएसपी आनंद पांडेय समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए।

कहां और कैसे हुआ हादसा

यह घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच 31 के पास हुई। मृतकों की पहचान रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और निजी कार चालक ज्योतिष कुमार के रूप में की गई है।

प्रशिक्षण लेकर लौट रहे थे मृतक

बताया जा रहा है कि सभी अधिकारी पटना से एकदिवसीय प्रशिक्षण लेकर एक ही गाड़ी में सवार होकर मधेपुरा जिले लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पीछे से ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो थाना प्रभारी और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल अवस्था में मिले थाना प्रभारी साजन पासवान को स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में सदर अस्पताल बेगूसराय पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान कुछ ही देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। तीन पुलिस अधिकारियों समेत चार लोगों की मौत की खबर मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में खलबली मच गई।

रात साढ़े बारह बजे की घटना

सूचना मिलते ही एसपी मनीष कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल में जुट गए। बेगूसराय पुलिस अधीक्षक मनीष ने बताया कि देर रात यह हादसा हुआ, जिसमें मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन पुलिस अधिकारी शामिल हैं और मधेपुरा पुलिस के सर्विंग एसएचओ व चालक की भी जान गई है। उन्होंने बताया कि साहेबपुर कमाल के हाईवे पर प्रशिक्षण से लौट रहे पुलिसकर्मियों की गाड़ी ट्रक से टकरा गई।

एसपी के अनुसार, गाड़ी पटना से मधेपुरा की ओर जा रही थी, जिसमें तीन थानेदार सवार थे और तीनों मधेपुरा के अलग-अलग थानों में कार्यरत थे। उन्होंने बताया कि यह घटना रात 12:30 बजे की है और ट्रक से टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि शवों का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और सभी वैधानिक प्रक्रिया एवं प्रोटोकॉल का पालन किया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप