यूट्यूब से सीखा हुनर और पति का साथ, उमरा ने घर से शुरू किया हेयर एक्सेसरीज का कारोबार, हो रही अच्छी कमाई उत्तर प्रदेश एक घंटा पहले 2
बहराइच के नाजिरपुरा की रहने वाली उमरा ने मोबाइल पर वीडियो देखकर हेयर बैंड, क्लेचर और टियारा बनाना सीखा और घर बैठे अपना कारोबार खड़ा कर लिया। इंस्टाग्राम और बाजार दोनों जगह बिक्री से उन्हें अच्छी कमाई हो रही है।

कभी रोजगार की तलाश में जूझ रहीं बहराइच के मोहल्ला नाजिरपुरा की रहने वाली उमरा ने आज अपने हुनर और मेहनत से एक नई मिसाल कायम कर दी है। मोबाइल पर वीडियो देखकर मिली जानकारी और पति के भरपूर सहयोग ने उनकी पूरी जिंदगी की दिशा ही बदल दी। उन्होंने घर बैठे हेयर बैंड, क्लेचर और टियारा जैसी एक्सेसरीज बनाना सीखा और फिर इंस्टाग्राम पर अपना चैनल बनाकर ऑनलाइन बिक्री की शुरुआत की।

कैसे आया कारोबार का विचार

लोकल 18 की टीम से बातचीत में उमरा ने बताया कि एक दिन वह घर पर बैठकर यूं ही मोबाइल पर वीडियो देख रही थीं। तभी उन्हें एक ऐसा वीडियो दिखा, जिसमें बिजनेस आइडिया के तौर पर हेयरबैंड और बालों में लगाने वाली दूसरी एक्सेसरीज के बारे में जानकारी दी गई थी। यहीं से उनके मन में यह ख्याल आया कि क्यों न इसे सीखकर घर से ही अपना काम शुरू किया जाए।

तीन महीने तक सीखा हुनर

इसके बाद उन्होंने करीब तीन महीने तक लगातार वीडियो देखकर क्लेचर, टियारा और हेयर बैंड जैसी एक्सेसरीज बनाना सीखा। हुनर में पकड़ बनने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी आईडी बनाई और खुद का कारोबार शुरू कर दिया। पूरे सेटअप को तैयार करने में उन्हें करीब तीन से चार महीने का समय लगा।

बेटी के नाम से बनाई इंस्टाग्राम आईडी

उमरा बताती हैं कि वह बाजार से कच्चा माल लाती हैं और उसे तैयार उत्पाद का रूप देती हैं। शुरुआत में उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि इन प्रोडक्ट को बेचा कैसे जाए। तब उन्होंने अपनी बेटी के नाम पर एक इंस्टाग्राम आईडी बनाई और साथ ही ऑनलाइन साइट से भी जुड़ गईं। अब वह खुद वीडियो बनाकर पोस्ट करती हैं, जिस पर उन्हें अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।

हर रविवार लगाती हैं स्टॉल

ऑनलाइन बिक्री के अलावा हर रविवार को वह अपने पति के साथ बहराइच शहर के मशहूर मेडिकल कॉलेज के पास स्थित चटोरी गली के नजदीक स्टॉल लगाकर भी अपने उत्पाद बेचती हैं। उनका कहना है कि बाजार में मिलने वाले महंगे हैंडमेड हेयर बैंड्स की तुलना में उनकी एक्सेसरीज ज्यादा टिकाऊ और किफायती हैं, यही वजह है कि लोग उन्हें खूब पसंद कर रहे हैं।

दूसरी महिलाओं के लिए रोल मॉडल

इस पूरे सफर में हर कदम पर उनके पति ने उनका साथ दिया और आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रेरित किया। आज उमरा एक नई उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना रही हैं और बहराइच की दूसरी महिलाओं के लिए रोल मॉडल बनकर उभरी हैं। उनकी मेहनत और कहानी यह संदेश देती है कि महिलाओं को कभी हार नहीं माननी चाहिए और निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए, क्योंकि सफलता देर-सबेर जरूर मिलती है।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!