UP पुलिस भर्ती परीक्षा: आजमगढ़ में अब QR कोड स्कैन करते ही मिलेगा सेंटर का पता, अभ्यर्थियों को नहीं भटकना पड़ेगा उत्तर प्रदेश 3 महीने पहले 51
आजमगढ़ जिला प्रशासन ने पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर QR कोड स्कैनर लगाए हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थी सीधे अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकेंगे। तीन दिनों में कुल 38,592 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।

उत्तर प्रदेश में आयोजित हो रही आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा को लेकर आजमगढ़ जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए बड़े पैमाने पर इंतजाम किए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के मकसद से पूरे जनपद को 2 जोन और 14 सेक्टर में बांटा गया है।

सबसे खास बात यह है कि दूर-दराज के इलाकों से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की दिक्कत न हो और उन्हें इधर-उधर भटकना न पड़े, इसके लिए शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर QR कोड स्कैनर लगाए गए हैं।

QR कोड पहुंचाएगा सीधे एग्जाम सेंटर तक

परीक्षा देने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों और दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थी अपने मोबाइल फोन से QR कोड स्कैन कर बड़ी आसानी से अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकेंगे। अक्सर बाहरी जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों को केंद्र खोजने में काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।

कई बार तो समय पर केंद्र तक न पहुंच पाने के कारण कुछ अभ्यर्थी परीक्षा देने से ही वंचित रह जाते हैं। ऐसी स्थिति से बचाने और सभी अभ्यर्थियों को वक्त पर केंद्र तक पहुंचाने के लिए आजमगढ़ जिला प्रशासन ने यह हाईटेक व्यवस्था लागू की है। अभ्यर्थी चौराहों और तिराहों पर लगे QR कोड को स्कैन कर सीधे अपने परीक्षा केंद्र की लोकेशन हासिल कर सकेंगे।

तीन दिनों में शामिल होंगे 38,592 परीक्षार्थी

पुलिस भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होगी और इसके लिए प्रशासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रत्येक पाली में 6,432 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस तरह तीन दिनों में कुल 38,592 परीक्षार्थी परीक्षा में हिस्सा लेंगे।

हर केंद्र पर मजिस्ट्रेट की तैनाती

इस बारे में जानकारी देते हुए एसपी सिटी आजमगढ़ मधुबन सिंह ने बताया कि जनपद में पुलिस भर्ती परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए हर परीक्षा केंद्र की निगरानी के वास्ते एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

इसके अलावा 6 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट और 14 आरक्षित स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं, ताकि किसी भी परिस्थिति में तत्काल जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

चेतन तिवारी पाबना के उत्तर प्रदेश संवाददाता हैं और राज्य की राजनीति, प्रशासन तथा जमीनी मुद्दों को कवर करते हैं। लखनऊ में रहते हुए वे जिलों से लेकर विधानसभा तक की खबरें संतुलित रिपोर्टिंग के साथ पाठकों तक पहुंचाते हैं। आम लोगों के मुद्दों और स्थानीय घटनाओं पर उनका खास फोकस रहता है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप