'भारतीय जहाजों पर ईरान ने बोला हमला', भारत की नाराजगी देख ट्रंप ने रातोंरात बदला रुख! विश्व एक महीने पहले 24
होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी हमले में 3 भारतीयों की मौत के बाद भारत की कड़ी नाराजगी के बीच ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर दावा किया कि कल रात ईरान के ड्रोन हमले से अमेरिका ने भारतीय जहाजों को बचाया।

भारत और अमेरिका के राजनयिक रिश्तों में इन दिनों खटास साफ झलक रही है। होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय चालक दल वाले एक जहाज पर अमेरिकी सेना के हमले में 3 भारतीयों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद भारत सरकार ने सख्त तेवर अपनाते हुए अमेरिकी राजदूत को तलब किया और जवाब-तलबी की। भारत के इस गुस्से को भांपते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उस घटना पर तो खामोश रहे, लेकिन अब वे माहौल को संभालने की कोशिश में जुट गए हैं।

ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर किए एक पोस्ट में दावा किया है कि कल रात ईरान ने भारतीय जहाजों पर ड्रोन से हमला किया था, जिसे अमेरिका ने नाकाम कर दिया।

ट्रंप का दावा: ईरान ने हमला किया, अमेरिका ने बचाया

ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करते हुए ईरान को पूरी तरह कठघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने लिखा कि कल रात होर्मुज से गुजर रहे भारतीय जहाजों पर ईरान ने हमला किया था, जिसे अमेरिकी सेना ने पूरी तरह विफल कर दिया।

उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान की इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बेहतर होगा कि वे अपना रवैया जल्द से जल्द सुधार लें। जानकारों का मानना है कि ट्रंप अब यह नैरेटिव गढ़ने में लगे हैं कि वे भारतीय जहाजों के रक्षक बनना चाहते हैं और उनकी सेना का हमला करने का कोई इरादा नहीं था। हालांकि, 3 भारतीयों की मौत वाली घटना पर वे अब तक चुप्पी साधे हुए हैं।

ईरान से मिली फजीहत का जवाब

अपने इसी पोस्ट में ट्रंप ने उन हालात का भी जिक्र किया, जिनसे कल रात उन्हें सार्वजनिक रूप से असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। दरअसल, दोपहर में ट्रंप ने ईरान पर 'सबसे भयानक हमले' का ऐलान किया था और कुछ ही घंटों बाद खुद पोस्ट कर दावा किया कि अमेरिका की बातचीत हो चुकी है और इस बार ईरान की शीर्ष लीडरशिप ने पुष्टि कर दी है कि बहुत बड़ी डील होने जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा था कि अब बस इस समझौते पर हस्ताक्षर बाकी हैं, जिसका समय और स्थान वे खुद तय करेंगे। लेकिन कुछ ही मिनटों बाद ईरान ने यह कहकर ट्रंप को असहज कर दिया कि उनकी ओर से किसी भी डील पर अंतिम सहमति नहीं दी गई है।

ट्रंप का पलटवार

ईरान के इस बयान के बाद ट्रंप ने आज ट्रूथ सोशल पर तीखा जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि ईरान ने जो शर्तें फेक न्यूज में लीक की हैं, उनका लिखित रूप में तय हुई शर्तों से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने जो कुछ भी कहा, जिसमें डील को लेकर उनका कमजोर और दयनीय बयान भी शामिल है, उसका सच्चाई से कोई वास्ता नहीं है। इनके साथ काम करना बेहद बेईमानी भरा है। इनके साथ ईमानदारी से कोई डील नहीं हो सकती। कमाल है!
साहिल चौहान पाबना के वर्ल्ड अफेयर्स रिपोर्टर हैं, जो अंतरराष्ट्रीय खबरें और वैश्विक मामले कवर करते हैं। विदेश नीति, कूटनीति और दुनिया भर के घटनाक्रमों पर उनकी अच्छी पकड़ है। वे जटिल वैश्विक मुद्दों को भारतीय नजरिए से समझाते हैं।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप