10 रुपये के बकाये पर खूनी विवाद, किराना दुकानदार ने युवक की ले ली जान, जानिए पूरा मामला बिहार एक घंटा पहले 2
नवादा जिले के नारदीगंज में महज 10 रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में किराना दुकानदार ने एक युवक के सिर पर रॉड से हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध जताया।

पैसों के लेन-देन को लेकर हिंसा और हत्या की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं, लेकिन नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र से जुड़ा एक मामला सबको हैरान कर देने वाला है। यहां सिर्फ 10 रुपये के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत का कारण बन गया। नारदीगंज बाजार में एक किराना दुकानदार ने 10 रुपये बकाया रहने पर युवक पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसके बाद इलाके में दोनों समुदायों के बीच तनाव पैदा हो गया। हालांकि अब स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है।

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद

जानकारी के अनुसार 9 जून को मृतक का किराना दुकानदार अरमान के साथ 10 रुपये बकाया को लेकर कहासुनी हो गई थी। बहस बढ़ने पर अरमान आवेश में आ गया और उसने युवक के सिर पर रॉड से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों के मुताबिक रॉड का वार इतना तेज था कि सिर के पिछले हिस्से में गहरी चोट आई, जो आगे चलकर जानलेवा साबित हुई।

इलाज के दौरान हुई मौत

घायल युवक को परिजन तुरंत नारदीगंज सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया। पटना में इलाज के दौरान बुधवार की देर रात युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान नारदीगंज बाजार निवासी प्रदीप लाल के 32 वर्षीय पुत्र दीपू लाल के रूप में हुई है। पटना से जैसे ही शव नारदीगंज बाजार पहुंचा, लोग उग्र हो गए और हंगामा करने लगे।

परिजनों ने सड़क जाम कर जताया विरोध

विरोध जता रहे परिजनों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और घंटों तक नारदीगंज-राजगीर सड़क मार्ग को जाम रखा। परिजनों ने आरोप लगाया कि 10 रुपये के विवाद के बाद दुकानदार ने युवक के सिर पर रॉड से हमला कर दिया था, जिससे उसकी जान चली गई।

पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार

हंगामे की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जहां प्रशासन को परिजनों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। इस मामले में पुलिस ने अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल जिला प्रशासन दोनों समुदायों के बीच बैठक कर हालात को सामान्य करने में जुटा है। इस घटना को लेकर अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!