जीवनशैली
एक घंटा पहले
2
विचारों
कच्चे आम की चटनी हो या लौंजी, ये सभी रेसिपीज़ खाने में बेहद स्वादिष्ट लगती हैं। लेकिन बार-बार वही आम पन्ना और चटनी खाकर कभी-कभी मन ऊबने लगता है। ऐसे में आज हम कच्चे आम की एक और मजेदार रेसिपी आपके लिए लेकर आए हैं, जिसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसे तैयार करना बेहद आसान है। कच्चे आम का छुन्दा खासतौर पर गुजरात में बनाया जाता है और आमतौर पर लोग इसे पूरी और थेपला के साथ खाना पसंद करते हैं। बता दें कि गुजराती भाषा में छुन्दा का अर्थ होता है कुचला हुआ यानी कद्दूकस किया हुआ। तो आइए जानते हैं इसे बनाने की विधि।
कच्चे आम का छुन्दा बनाने के लिए सामग्री
1 किलो आम, 1 बड़ा चम्मच नमक, 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 किलो पिसी हुई चीनी, 2 बड़े चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 1 बड़ा चम्मच जीरा पाउडर, 1 इंच का दालचीनी टुकड़ा और 2 लौंग।
कच्चे आम का छुन्दा बनाने की विधि
आम को छीलकर कद्दूकस करें
सबसे पहले कच्चा आम लेकर उसे पीलर की मदद से अच्छी तrah छील लें और ऊपर का हिस्सा काट दें। इसके बाद गुठली के चारों ओर से मोटे टुकड़ों में काट लें और कद्दूकस के मोटे छेदों का इस्तेमाल करते हुए इसे कद्दूकस कर लें। चूंकि लंबे और मोटे लच्छे चाहिए, इसलिए बारीक छेदों का प्रयोग न करें और आम को गुठली तक अच्छी तरह कद्दूकस कर लें।
चीनी मिलाकर पकाएं
कद्दूकस किए हुए आम को एक कड़ाही में डालें और इसमें नमक तथा हल्दी पाउडर मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब पिसी हुई चीनी को 3-4 बार में थोड़ा-थोड़ा करके डालें और हर बार अच्छे से मिलाते रहें। जब पूरी चीनी मिल जाए, तो इसे ढककर 5-10 मिनट के लिए ऐसे ही रख दें। तय समय के बाद ढक्कन हटाकर मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए पकाना शुरू करें। शुरुआत में मिश्रण काफी पतला रहेगा, लेकिन पकने के साथ यह गाढ़ा होता जाएगा। इसे करीब 25-30 मिनट तक चलाते हुए पकाएं।
चाशनी की जांच करें
छुन्दा तैयार हुआ या नहीं, यह परखने के लिए थोड़ी-सी चाशनी एक प्लेट में डालें और इसे पूरी तरह ठंडा होने दें। अब इसे अपनी उंगलियों के बीच दबाएं; अगर एक तार बने जो तुरंत टूट जाए, तो समझ लें कि यह तैयार है। इस अवस्था में आंच बंद कर दें और मिश्रण को कमरे के तापमान पर पूरी तरह ठंडा होने दें। ठंडा होने पर यह और भी अच्छे से गाढ़ा हो जाता है।
अंत में मसाले मिलाएं
जब मिश्रण रूम टेम्परेचर पर आ जाए, तो इसमें कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, दालचीनी और लौंग डालकर मिला दें। इससे इसका रंग बेहद आकर्षक हो जाएगा। आखिर में चखकर देखें और जरूरत हो तो मसालों की मात्रा अपने स्वाद के अनुसार कम-ज्यादा कर लें।
Comments
0 comment