देश के दक्षिण और पूर्वी हिस्सों में जोरदार बारिश, राजस्थान में लू का अलर्ट; जानें कहां तक पहुंचा मानसून भारत एक घंटा पहले 2
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बारिश जारी है, जबकि राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात के कई इलाकों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून को दिल्ली पहुंचने में करीब दो सप्ताह और लग सकते हैं।

दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो पूरे देश में मानसून दस्तक दे चुका हो। लेकिन हकीकत इससे अलग है। राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात से सटे कई इलाके अब भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं, जहां मौसम विभाग ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस वर्ष मानसून को दिल्ली तक पहुंचने में लगभग दो सप्ताह और लग सकते हैं। फिलहाल दिल्ली और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में जो बारिश हो रही है, वह पश्चिमी विक्षोभ का असर है और अगले दो-तीन दिन तक ऐसी ही स्थिति बने रहने के आसार हैं।

आईएमडी के मुताबिक मानसून की ऊपरी सीमा इस समय महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, बिहार और झारखंड के नजदीक है। अगले दो-तीन दिनों में इन्हीं राज्यों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर, मराठवाड़ा, तेलंगाना, विदर्भ और पश्चिमी राजस्थान में लू को लेकर चेतावनी दी गई है।

बिहार और बंगाल में आगे बढ़ा मानसून

दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है। इसके साथ ही ओडिशा और झारखंड के कुछ क्षेत्रों को भी इसने अपनी जद में ले लिया है। एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में उत्तर-पश्चिम भारत में तेज हवाओं के झोंकों और ओलावृष्टि के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, और ये गतिविधियां 14 जून तक बनी रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में केरल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश दर्ज की गई है।

महाराष्ट्र और तेलंगाना में बरसेंगे बादल

अगले दो से तीन दिनों में मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के बचे हुए हिस्सों को भी कवर कर लेगा। इसके अलावा ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और बिहार के कुछ इलाकों तक भी इसका विस्तार हो सकता है। उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2 से 4° सेल्सियस तक की गिरावट देखी जा सकती है, जिसके बाद तापमान धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। उत्तराखंड, उत्तरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश की आशंका है।

राजस्थान में हीटवेव की चेतावनी

पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी आ सकती है और यहां लू की स्थिति बनी रह सकती है। दक्षिणी-पश्चिमी राजस्थान के साथ-साथ महाराष्ट्र और तेलंगाना में भी हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है। वहीं पूर्वी भारत, पूर्वी उत्तर भारत और दक्षिण-पश्चिमी भारत में भारी बारिश होने के आसार हैं, जबकि मुख्य रूप से केरल में जोरदार बारिश की संभावना है। तेज हवाओं के झोंके खास तौर पर बिहार, झारखंड और ओडिशा में देखे जा सकते हैं। इसके अलावा बिहार और ओडिशा के साथ-साथ पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी वर्षा हो सकती है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!