प्रणित मोरे और हिमांशु जांगड़ा पर गुरुग्राम में नई FIR, NCW की शिकायत बनी आधार मनोरंजन एक घंटा पहले 3
बिरयानी वाले विवादित मजाक को लेकर कॉमेडियन प्रणित मोरे और हिमांशु जांगड़ा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग की शिकायत पर गुरुग्राम पुलिस ने दोनों के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज की है।

कॉमेडियन प्रणित मोरे की परेशानियां फिलहाल खत्म होती नहीं दिख रहीं। मुंबई के बाद अब गुरुग्राम पुलिस ने भी उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इसी मामले में हिमांशु जांगड़ा को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की ओर से मिली शिकायत के आधार पर की है।

370 रुपये की बिरयानी से जुड़ा यह विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। इससे पहले महाराष्ट्र साइबर पुलिस भी इसी मामले को लेकर प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा और डॉक्टर सेजल पवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर चुकी है। आरोप है कि हिमांशु ने महिलाओं के और सेजल ने पुरुषों के निजी अंगों को लेकर अश्लील मजाक किए थे।

NCW की शिकायत पर हुई कार्रवाई

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, प्रणित मोरे और हिमांशु जांगड़ा पर जबरन यौन संबंध को सामान्य बताने और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। यही शिकायत राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से दर्ज कराई गई, जिसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने यह नई एफआईआर दर्ज की।

यह कोई पहला मौका नहीं है जब प्रणित मोरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई हो। इससे पहले महाराष्ट्र साइबर ने भी इस विवाद से जुड़े स्टैंड-अप कॉमेडियन के खिलाफ मामला दर्ज किया था। उसी केस में हिमांशु जांगड़ा, डॉक्टर सेजल पवार समेत अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया था।

किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, नोडल साइबर पुलिस स्टेशन में प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा, डॉक्टर सेजल और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 75(1)(iv), 75(3), 294 और 353(2) तथा इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी) एक्ट, 2000 की धारा 67 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इन सभी पर महिलाओं, सहमति और मृत व्यक्तियों को लेकर आपत्तिजनक, अश्लील और अभद्र टिप्पणियां करने का आरोप है।

क्या है पूरा विवाद

विवाद की शुरुआत प्रणित मोरे के एक लाइव शो के दौरान हुई, जब दर्शक हिमांशु जांगड़ा को बातचीत के लिए मंच पर बुलाया गया। बातचीत में जांगड़ा ने एक महिला को डेट पर ले जाने और बिरयानी पर करीब 370 रुपये खर्च करने की बात कही।

मामला तब बिगड़ा जब जांगड़ा ने इशारों में कहा कि खाने का बिल उन्होंने चुकाया है, इसलिए बदले में उन्हें शारीरिक संबंध की उम्मीद थी। इसकी क्लिप वायरल होते ही कई दर्शकों ने जांगड़ा पर डेटिंग को लेन-देन में बदलने और महिला को महज एक वस्तु के रूप में पेश करने का आरोप लगाया, जिसे खाने पर खर्च की गई रकम के बदले 'हासिल' किया जा सके। हालांकि बाद में प्रणित ने एक वीडियो जारी कर माफी मांग ली।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!