व्यापार
2 घंटे पहले
6
विचारों
झारखंड की राजधानी रांची की मशहूर फैशन डिजाइनर प्रिया पोद्दार आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। रांची में उनका अपना बुटीक है और उनका पूरा कलेक्शन इतना अनोखा होता है कि बाकी बाजार के सामने वह अलग ही दिखता है। उनके बनाए हर सूट की अपनी एक खास पहचान है, और यही वजह है कि देश ही नहीं, विदेशों तक उनके कपड़ों की मांग है।
कीमत और विदेशों तक पहुंच
प्रिया के हाथ से तैयार किए गए यूनिक सूट 5000 रुपये से लेकर 32000 रुपये तक की रेंज में बिकते हैं। एक सलवार सूट की कीमत 25000 से 32000 रुपये तक होती है। आज हालत यह है कि अमेरिका, नेपाल और सिंगापुर से उनके बनाए सूट के ऑर्डर आते हैं। कई बार ग्राहक अपने रिश्तेदारों के लिए यहां से कपड़े खरीदकर विदेश तक भेजते हैं।
सपने को दोबारा जिंदा किया
प्रिया पोद्दार के पास इस समय अपने 10 कारीगर हैं। वह खुद डिजाइन के स्केच तैयार करती हैं और कारीगर उन्हें मूर्त रूप देते हैं। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उन्हें फैशन डिजाइनिंग का शौक था, लेकिन शादी और फिर बच्चों की जिम्मेदारियों के बीच यह सपना दब-सा गया था। जैसे ही बच्चे कॉलेज जाने लगे, उन्होंने तुरंत अपने सपने को दोबारा जिंदा किया और अपने लिए एक मजबूत कदम उठाया।
हर डिजाइन है एक अलग पहचान
प्रिया बताती हैं कि उनकी सबसे खास बात यह है कि पूरा कपड़ा उन्हीं के स्केच पर आधारित होता है, इसलिए कोई भी डिजाइन दोहराई नहीं जाती। दूसरी बड़ी खूबी यह है कि उनके यहां पूरा काम हाथ से होता है, मशीन का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं किया जाता।
जयपुरी सिल्क से लेकर प्योर सिल्क और बंधेज तक पर वह काम करती हैं और इन पर पूरी कढ़ाई हाथ से की जाती है। कपड़े की क्वालिटी बेहतरीन होती है और स्टिचिंग व फिटिंग दोनों पर बारीकी से ध्यान दिया जाता है।
हर ग्राहक बन जाता है स्थायी
आज उनके यहां 5000 रुपये तक के कपड़े भी मिल जाते हैं। उनके यहां से एक बार कपड़ा ले जाने वाली हर महिला उनकी स्थायी ग्राहक बन जाती है। शुरुआत में उन्होंने सिर्फ एक कुर्ती और एक साड़ी पर अपनी कलाकारी दिखाई थी, जो लोगों को इतनी पसंद आई कि उसके बाद यह सिलसिला चल निकला।
नाम ही बन गया ब्रांड
प्रिया कहती हैं कि आज हालत यह है कि उनका नाम ही एक ब्रांड बन चुका है। एक समय था जब लोग उनका मजाक उड़ाते थे कि क्या मनीष मल्होत्रा बनना है, लेकिन आज वही लोग बड़ी इज्जत के साथ उनका नाम लेते हैं। आज वही लोग उनसे अपने कपड़े डिजाइन करवाते हैं और बड़े गर्व और स्टाइल के साथ पार्टियों में पहनकर जाते हैं।
Comments
0 comment