व्यापार
एक घंटा पहले
2
विचारों
सोना-चांदी में भारी गिरावट: बुधवार का दिन कीमती धातुओं के निवेशकों के लिए झटका लेकर आया, क्योंकि सोने और चांदी दोनों के भाव तेजी से नीचे लुढ़क गए। कच्चे तेल में आई तेजी और अमेरिकी डॉलर की मजबूती के चलते इन धातुओं की मांग पर बड़ा असर पड़ा, जिससे कीमतों पर दबाव बढ़ गया। स्थानीय सर्राफा कारोबारियों के मुताबिक 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 4,300 रुपये यानी करीब 3 प्रतिशत की तेज गिरावट के साथ 1,56,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को सोने का भाव 1,60,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी एक ही दिन में 10,000 रुपये सस्ती
सोने के साथ-साथ चांदी की चमक भी फीकी पड़ी और इसमें करीब 4 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को चांदी 10,000 रुपये टूटकर 2,45,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई, जबकि एक दिन पहले मंगलवार को यह 2,55,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। बाजार जानकारों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से कच्चा तेल 90 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया, जिससे डॉलर को मजबूती मिली और सोने-चांदी की कीमतें नीचे आ गईं।
महंगाई लंबे समय तक बनी रहने की आशंका
पीएल वेल्थ के राजकुमार सुब्रमण्यन का कहना है कि ऊर्जा की कीमतों में आए उछाल से यह आशंका गहरा गई है कि महंगाई लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनी रहेगी और ब्याज दरें भी ऊपर ही टिकी रह सकती हैं। यही वजह है कि निवेशकों के बीच सोने और चांदी को लेकर रुझान कमजोर पड़ा है।
विदेशी बाजारों में भी टूटे भाव
घरेलू ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी इन धातुओं के दाम लुढ़के। हाजिर सोना 90.53 डॉलर यानी 2.13 प्रतिशत गिरकर 4,168.99 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, वहीं चांदी 2.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 63.87 डॉलर प्रति औंस पर रही। लेमन मार्केट्स डेस्क के रिसर्च एनालिस्ट गौरव गर्ग के अनुसार डॉलर की मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी के चलते सोने-चांदी की मांग पर दबाव बना, जिसका असर ग्लोबल मार्केट में इनकी कीमतों पर साफ दिखा।
एमसीएक्स पर भी बिकवाली का दबाव
वायदा बाजार भी इस गिरावट से अछूता नहीं रहा। बुधवार शाम 04.44 बजे तक एमसीएक्स पर 5 अगस्त की डिलीवरी वाला सोना 2.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,49,081 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं, 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी 1.97 प्रतिशत लुढ़ककर 2,33,823 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर ट्रेड कर रही थी।
Comments
0 comment