क्लासरूम में पढ़ाई के दौरान अचानक टूटकर गिरा छत का प्लास्टर, कई छात्राएं घायल; सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा भारत 2 घंटे पहले 2
कर्नाटक के कलबुर्गी स्थित एक सरकारी प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज में पढ़ाई के दौरान छत का प्लास्टर गिरने से 5 छात्राएं घायल हो गईं। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

कलबुर्गी: कर्नाटक के कलबुर्गी शहर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज की छत का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे आ गिरा और इसकी चपेट में आकर कई छात्राएं घायल हो गईं। इस पूरे हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुका है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि शिक्षक कक्षा में छात्राओं को पढ़ा रहे थे, तभी अचानक छत का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर पड़ता है। घटना के बाद कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई और छात्राएं जान बचाने के लिए तेजी से क्लासरूम से बाहर भागीं। घायल छात्राओं को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही कांग्रेस विधायक ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।

दस साल में ही जर्जर हो गई इमारत

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना कलबुर्गी शहर के सरकारी प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज की है। कक्षा के दौरान छत के प्लास्टर का एक हिस्सा गिरने से कुल 5 छात्राएं घायल हुईं, जिनमें स्नेहा, शीतल, पूजा और दिव्या शामिल हैं। बताया जा रहा है कि जिस समय छात्राएं कॉलेज में पढ़ाई में जुटी थीं, उसी दौरान यह हादसा हो गया और सभी छात्राएं तुरंत क्लासरूम से बाहर निकल आईं। घायल छात्राओं को आनन-फानन में GIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांग्रेस विधायक अल्लामाप्रभु पाटिल ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और पूरे मामले की जांच की मांग उठाई। हैरानी की बात यह है कि यह इमारत महज 10 साल के भीतर ही इस तरह जर्जर हालत में पहुंच गई। यह घटना स्टेशन बाज़ार पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है, जहां इस सिलसिले में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

ग्रेटर नोएडा में कार पर गिरा प्लास्टर

इसी तरह का एक मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी सामने आया है, जहां एक बहुमंजिला इमारत से प्लास्टर का टुकड़ा नीचे आ गिरा। बताया जा रहा है कि तेज आंधी के कारण इमारत की 20वीं मंजिल से प्लास्टर का हिस्सा टूटकर नीचे खड़ी एक गाड़ी पर जा गिरा, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि उस वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। यह घटना रात के समय हुई, लेकिन प्लास्टर गिरने से गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा और उसकी छत क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि उनसे भारी-भरकम मेंटेनेंस चार्ज वसूला जाता है, इसके बावजूद उनकी जान खतरे में बनी हुई है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!