जयपुर में अवैध पटाखा गोदाम में धमाके के बाद भीषण आग, सात की मौत और कई घायल राजस्थान 8 घंटे पहले 10
जयपुर के खोह नागोरियन इलाके में कथित अवैध पटाखा गोदाम में धमाके के बाद लगी आग में कम से कम 7 लोगों की जान चली गई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर शोक जताया है और प्रशासन को राहत कार्य में जुटने के निर्देश दिए हैं।

जयपुर के खो-नागोरियन क्षेत्र में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आई है, जिसमें कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की संख्या की पुष्टि एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल और अस्पताल के कंट्रोलर डॉ. दीपक माहेश्वरी ने की। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह खोह नागोरियन इलाके में कथित तौर पर अवैध रूप से संचालित पटाखों के एक गोदाम में पहले धमाका हुआ और इसके बाद आग भड़क उठी। अधिकारियों के मुताबिक, यह आग खोह नागोरियन की आयशा नगर तलाई कॉलोनी के एक छोटे से मकान में लगी, जहां कथित रूप से पटाखे जमा करके रखे गए थे।

मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुख

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस दर्दनाक हादसे पर शोक प्रकट किया है। एक्स पर साझा की गई पोस्ट में उन्होंने लिखा, "जयपुर के खो नागोरियान क्षेत्र में हुई दुर्घटना में जनहानि का समाचार दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता के साथ जुटने, घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें तथा सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

हादसे की वजह की पड़ताल जारी

जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार परिसर के भीतर रखे ज्वलनशील पदार्थ के चलते आग लगने की आशंका है। उन्होंने कहा, "घर में कुछ ज्वलनशील पदार्थ था, जबकि आग लगने का सही कारण विस्तृत जांच के बाद ही पता चलेगा।" वहीं, पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने जानकारी दी कि यह मकान दरअसल एक गोदाम के रूप में इस्तेमाल हो रहा था, जो रिहायशी इलाके में अवैध रूप से चलाया जा रहा था और इसके नजदीक ही एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट भी मौजूद थी। उन्होंने कहा, "प्रथम दृष्टया, यह एक स्टोरेज फैसिलिटी लगती है। फोरेंसिक जांच से पुष्टि होगी कि गोदाम में रखे गए पदार्थ पटाखे थे या नहीं।" मित्तल ने यह भी स्पष्ट किया कि मालिक समेत इसके लिए जिम्मेदार सभी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने सुनी जोरदार धमाके की आवाज

एक स्थानीय निवासी ने बताया कि आग भड़कने से ठीक पहले धमाके की आवाज सुनाई दी थी, जिसके बाद आसपास के लोगों ने मजदूरों को बचाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा, "एक पानी का टैंकर बुलाया गया और हमने होज पाइप के साथ अंदर जाने की कोशिश की। हम तीन-चार लोगों को बाहर निकालने में कामयाब रहे और बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया।" गोदाम के बगल में रहने वाले एक अन्य निवासी लियाकत ने बताया कि आग की लपटों के पूरे परिसर को घेरने से कुछ ही क्षण पहले उन्होंने सिलेंडर फटने जैसी आवाज सुनी थी। उन्होंने यह भी बताया कि जले हुए मलबे में से आतिशबाजी के एक ब्रांड का नाम लिखा रैपर मिला है, जिससे संकेत मिलता है कि मकान के भीतर बड़ी मात्रा में सामग्री रखी हुई थी।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!