बराखड़ मॉब लिंचिंग कांड में अदालत का बड़ा फैसला, 14 दोषियों को उम्रकैद; फैसले के बाद परिजनों का हंगामा मध्य प्रदेश 2 घंटे पहले 2
गो-तस्करी की आशंका में नाजिर अहमद की पीट-पीटकर हत्या के करीब 4 साल पुराने मामले में अदालत ने सभी 14 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। फैसले के बाद दोषियों को जेल ले जाते समय परिजनों ने विरोध करते हुए हंगामा खड़ा कर दिया।

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले की सिवनी मालवा तहसील के चर्चित बराखड़ मॉब लिंचिंग मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। करीब 4 साल पुराने इस मामले में अदालत ने 14 आरोपियों को दोषी करार देते हुए सभी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। गो-तस्करी के संदेह में भीड़ द्वारा की गई मारपीट में महाराष्ट्र के अमरावती निवासी नाजिर अहमद की मौत हो गई थी।

क्या है पूरा घटनाक्रम

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 03 अगस्त 2022 को सिवनी मालवा तहसील के ग्राम बराखड़ में गो-तस्करी की आशंका के आधार पर भीड़ ने नाजिर अहमद की पिटाई कर दी थी, जिसके चलते उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने 14 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच आरंभ की थी।

लगभग 3 साल तक चली न्यायिक प्रक्रिया के बाद शुक्रवार को एडीजे तबस्सुम खान की अदालत ने सभी 14 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

फैसला सुनते ही भावुक हुए परिजन

अदालत का निर्णय आते ही न्यायालय परिसर में मौजूद दोषियों के परिजन भावुक हो उठे और रोने-बिलखने लगे। फैसले के बाद का पूरा घटनाक्रम और परिजनों की प्रतिक्रियाएं शनिवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होती दिखीं।

दोषियों को ले जाते समय हुआ विरोध

वायरल वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि जब पुलिस दोषियों को जेल ले जाने के लिए वाहन में बैठा रही थी, तभी कुछ परिजनों ने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान कई लोग पुलिस वाहन के सामने लेट गए और आरोपियों को ले जाने से रोकने का प्रयास करने लगे।

स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई जब परिजनों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की नौबत आ गई। हालांकि, पुलिस ने मौके पर हालात को नियंत्रित करते हुए सभी दोषियों को सुरक्षित रूप से जेल भेज दिया।

अगस्त 2022 में क्या हुआ था

यह मामला अगस्त 2022 में नर्मदापुरम जिले की सिवनी मालवा तहसील के बराखड़ गांव का है। गो-तस्करी की आशंका में कुछ लोगों ने मवेशियों से भरे एक ट्रक को रोक लिया था। ट्रक में सवार महाराष्ट्र के अमरावती निवासी नाजिर अहमद और अन्य लोगों पर भीड़ ने हमला कर दिया। इस हमले में नाजिर अहमद की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए थे।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!