विश्व
4 दिन पहले
21
विचारों
फ्रांस के एवियन शहर में चल रहे G-7 शिखर सम्मेलन का आज समापन दिवस है और इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बहुप्रतीक्षित द्विपक्षीय वार्ता होने जा रही है। खास बात यह है कि दोनों नेता पूरे 16 महीने बाद आमने-सामने बैठकर सीधी बातचीत करेंगे। इससे पहले बीते दिन भी दोनों नेताओं की करीब पांच मिनट की संक्षिप्त मुलाकात हुई थी, जिसमें हाथ मिलाने के साथ बातचीत भी हुई, लेकिन इस बार दोनों के बीच पहले जैसी गर्मजोशी भरी गले मिलने वाली मुलाकात देखने को नहीं मिली।
दुनिया भर की निगाहें इस मुलाकात पर
आज शाम 6 बजकर 15 मिनट पर दोनों नेता एक बार फिर आमने-सामने होंगे और कई अहम द्विपक्षीय विषयों पर चर्चा करेंगे। अमेरिका-भारत व्यापार समझौते से लेकर H-1 वीजा और अमेरिकी आव्रजन नीति जैसे मसले बातचीत के केंद्र में रह सकते हैं। इसके अलावा होर्मुज में हुए अमेरिकी हमले में भारतीयों की मौत का मुद्दा भी उठने की संभावना है। यही वजह है कि इस मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजर टिकी हुई है।
इन पांच बड़े मुद्दों पर रहेगा फोकस
- 1. व्यापार समझौता (ट्रेड डील)
- 2. H-1 वीजा
- 3. अमेरिकी आव्रजन (इमिग्रेशन) नीति
- 4. होर्मुज में अमेरिकी हमले में 3 भारतीयों की मौत
- 5. ईरान-अमेरिका टकराव से उपजा ऊर्जा संकट
क्या मुलाकात से सुधरेंगे रिश्ते?
दोनों नेताओं की यह बैठक ऐसे वक्त हो रही है जब वाणिज्यिक जहाजों पर हुए अमेरिकी हमलों में तीन भारतीय नाविकों की मौत को ठीक एक हफ्ता बीता है। इस घटना के बाद दोनों देशों के संबंधों में तल्खी आ गई है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान पीएम मोदी और ट्रंप दोनों मिलकर रिश्तों को नए सिरे से पटरी पर लाने की कोशिश कर सकते हैं।
16 महीने बाद सीधी बातचीत
बीते दिन G-7 नेताओं के लिए की गई बैठक व्यवस्था में ट्रंप के दाईं ओर पीएम मोदी की कुर्सी रखी गई थी, जबकि उनके बाईं ओर मेजबान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों बैठे थे। ट्रंप अपनी सीट पर बैठ चुके थे, जबकि पीएम मोदी पीछे विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा से बातचीत कर रहे थे। इसके बाद मोदी अपनी सीट की ओर बढ़े, जो ट्रंप के ठीक दाईं तरफ थी, और चलकर आकर उन्होंने ट्रंप से मुलाकात की।
इस दौरान ट्रंप अपनी कुर्सी से उठ खड़े हुए। दोनों नेताओं के बीच करीब पांच मिनट तक बातचीत चली और फिर दोनों अपनी-अपनी सीट पर बैठ गए। मोदी और ट्रंप की यह मुलाकात 16 महीने के अंतराल के बाद हुई है। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी फरवरी 2025 में वॉशिंगटन में राष्ट्रपति ट्रंप से मिले थे।
लड़खड़ाते ट्रंप का सहारा बने मोदी
इसके बाद बीते दिन एक फोटो सेशन के दौरान पीएम मोदी और ट्रंप दोबारा साथ नजर आए। इसी मौके पर लड़खड़ाते ट्रंप के लिए मोदी सहारा बन गए। दरअसल, ट्रंप जब सीढ़ी पर चढ़ने के लिए आगे बढ़े तो उनका संतुलन बिगड़ता दिखा, जिसे देखते ही पीएम मोदी ने तुरंत अपना हाथ आगे बढ़ा दिया। इसके बाद ट्रंप मोदी के हाथ का सहारा लेकर सीढ़ी पर चढ़े। तभी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पूछा- 'Ready Everybody', यानी क्या सभी तैयार हैं। इस पर पीएम मोदी ने जवाब दिया- 'We are always Ready', यानी हम हमेशा तैयार रहते हैं।
Comments
0 comment