बिहार
एक घंटा पहले
2
विचारों
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आगामी 11 जुलाई को पटना पहुंचेंगे, जहां वे एक बड़े छात्र सम्मेलन को संबोधित करेंगे। NEET परीक्षा से जुड़े विवाद और युवाओं के रोजगार के सवाल पर केंद्र सरकार को घेरने के लिए राहुल गांधी ने बिहार की धरती को मंच के तौर पर चुना है। इस आयोजन में देशभर के छात्रों के साथ-साथ शिक्षक, युवा संगठनों के सदस्य और NEET परीक्षा प्रक्रिया से प्रभावित उम्मीदवार भी अपनी आवाज उठाएंगे।
सम्मेलन में उठेंगे ये मुद्दे
जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी इस छात्र सम्मेलन में NEET परीक्षा में हुई धांधली का सवाल प्रमुखता से रखेंगे और इसके साथ युवाओं से जुड़े दूसरे मसलों पर भी केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा करेंगे। सूत्रों की मानें तो वे NEET परीक्षा के विकेंद्रीकरण (डिसेंट्रलाइजेशन) और परीक्षा शुल्क समाप्त करने जैसी मांगें भी उठा सकते हैं।
धांधली के खिलाफ देशभर में आक्रोश
मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG में कथित पेपर लीक और परीक्षा में हुई गड़बड़ी को लेकर देशभर के छात्र-छात्राओं में नाराजगी है। खास बात यह है कि यह पूरा मामला बिहार के इर्द-गिर्द केंद्रित रहा है, जहां से बीते वर्षों में पेपर लीक के तार जुड़ते रहे हैं। यही वजह है कि इस मुद्दे का असर यहां के छात्रों पर गहरा है, और इसी को ध्यान में रखते हुए राहुल गांधी ने पटना में छात्र सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है।
कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इस महासम्मेलन के जरिए पार्टी युवाओं तक यह संदेश पहुंचाना चाहती है कि वह सड़क से लेकर संसद तक उनके हक की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है।
धर्मेंद्र प्रधान की बर्खास्तगी की मांग
राहुल गांधी 'पेपर लीक से लेकर शिक्षा व्यवस्था' के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने के लिए देशभर में छात्र सम्मेलनों की श्रृंखला आयोजित कर रहे हैं, जिसकी शुरुआत 17 जून को कोटा से होगी। भारतीय युवा कांग्रेस (Indian Youth Congress) की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, यह छात्र सम्मेलन 'पेपर लीक से लेकर शिक्षा व्यवस्था के हत्यारे धर्मेंद्र प्रधान की बर्खास्तगी की मांग' को लेकर है।
JOBS, JUSTICE, ACCOUNTABILITY का नारा
घोषित कार्यक्रम के मुताबिक राहुल गांधी के छात्र सम्मेलनों की तारीखें इस प्रकार तय हैं — कोटा में 17 जून, प्रयागराज में 10 जुलाई, पटना में 11 जुलाई और दिल्ली में 14 जुलाई। इस अभियान के लिए कांग्रेस ने 'JOBS. JUSTICE. ACCOUNTABILITY.' यानी रोजगार, न्याय और जवाबदेही का नारा दिया है।
राष्ट्रव्यापी अभियान की घोषणा संभव
मिली जानकारी के अनुसार, कांग्रेस इस छात्र सम्मेलन के माध्यम से युवाओं को अपने साथ जोड़ने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि राहुल गांधी पटना से ही केंद्र सरकार के खिलाफ NEET और युवा मुद्दों को लेकर राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने का ऐलान कर सकते हैं। सियासी नजरिए से राहुल का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी छात्र और युवा वोट बैंक को अपने पाले में लाने की रणनीति पर काम कर रही है।
Comments
0 comment