बिहार
7 घंटे पहले
3
विचारों
पटना जंक्शन पर ट्रेन से उतरने के बाद शहर के किसी भी हिस्से में जाने वाले यात्रियों के मन में अक्सर यही उलझन रहती है कि उनकी मंजिल के लिए बस या ऑटो कहां से पकड़ा जाए। हकीकत यह है कि इसके लिए इधर-उधर भटकने की कोई जरूरत नहीं। स्टेशन के दोनों छोर पर परिवहन के पर्याप्त साधन मौजूद हैं, जिनसे यात्री बिना ज्यादा वक्त गंवाए आगे की राह पकड़ सकते हैं।
टाटा पार्क — ऑटो यात्रियों का प्रमुख ठिकाना
जंक्शन से बाहर निकलकर जैसे ही महावीर मंदिर की ओर बढ़ते हैं, दाहिनी तरफ टाटा पार्क पड़ता है। यह जगह ऑटो पकड़ने वाले यात्रियों के लिए मुख्य पिकअप प्वाइंट मानी जाती है। यहां से कंकड़बाग, हनुमान नगर, राजेंद्र नगर, अगमकुआं, कुम्हरार, पटना सिटी, बैरिया बस स्टैंड, पोस्टल पार्क, नाला रोड और हाजीपुर समेत कई इलाकों के लिए प्रीपेड, रिजर्व और नॉर्मल ऑटो आसानी से उपलब्ध रहते हैं। दिनभर यहां यात्रियों की चहल-पहल बनी रहती है।
जीपीओ गोलंबर का मल्टी मॉडल हब
अगर आपको बोरिंग रोड, बेली रोड, राजा बाजार, आशियाना, दानापुर, गांधी मैदान या शहर के किसी भी अन्य रूट पर जाना हो, तो जंक्शन से बाईं ओर पैदल चलकर अथवा अंडरग्राउंड सबवे के रास्ते जीपीओ गोलंबर स्थित मल्टी मॉडल हब तक पहुंचा जा सकता है। यह पटना का सबसे बड़ा पब्लिक ट्रांसपोर्ट हब है, जहां से शहर के लगभग हर हिस्से के लिए बस और ऑटो मिलते हैं। उल्लेखनीय है कि पटना में चलने वाली अधिकांश सिटी बसों का संचालन भी इसी हब से होता है।
करबिगहिया छोर से भी मिलते हैं वाहन
यदि आप पटना जंक्शन के करबिगहिया साइड पर उतरते हैं, तो स्टेशन परिसर से बाहर निकलते ही मुख्य द्वार के पास अलग-अलग रूटों के लिए ऑटो और बसें मिल जाती हैं। यहां से मीठापुर, बाइपास, कंकड़बाग, राजेंद्र नगर और बैरिया बस स्टैंड समेत शहर के कई प्रमुख इलाकों के लिए नियमित रूप से वाहन चलते रहते हैं। आमतौर पर यात्रियों को ज्यादा देर इंतजार नहीं करना पड़ता और स्टेशन से निकलते ही आगे की यात्रा के लिए गाड़ी मिल जाती है।
ऐप बेस्ड बुकिंग का विकल्प भी मौजूद
जो यात्री सार्वजनिक वाहनों की भीड़ से बचना चाहते हैं, उनके लिए ऑनलाइन ऐप आधारित प्लेटफॉर्म का सहारा भी मौजूद है। पटना जंक्शन के दोनों प्रवेश द्वारों पर ऑटो, बाइक टैक्सी और कैब बुकिंग की सुविधा रहती है। मोबाइल ऐप के जरिए कुछ ही मिनटों में वाहन बुक कर सीधे अपनी मंजिल तक पहुंचा जा सकता है। यह विकल्प खासकर उन यात्रियों के लिए सुविधाजनक है जो परिवार के साथ सफर कर रहे हों, ज्यादा सामान लेकर चल रहे हों या शहर में पहली बार आए हों।
हजारों यात्रियों की राह होती है आसान
पटना जंक्शन पर रोजाना बिहार के अलग-अलग जिलों और देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों यात्री पहुंचते हैं। ऐसे में स्टेशन के आसपास मौजूद ये तमाम सुविधाएं उनके सफर को काफी सहज बना देती हैं। शहर के किसी प्रमुख बाजार तक जाना हो, किसी सरकारी कार्यालय पहुंचना हो या फिर बस स्टैंड और एयरपोर्ट के लिए आगे बढ़ना हो — पटना जंक्शन के दोनों ओर पब्लिक ट्रांसपोर्ट के पर्याप्त साधन उपलब्ध रहते हैं।
Comments
0 comment